अजब चोर की गजब की चोरी: पेट्रोल खत्म होने तक दौड़ाता है एक्टिवा, फिर चुराता है दूसरी
आगरा में एक एक्टिवा चोर का चोरी करने का गजब का तरीका जानकर पुलिस भी हैरान है। इस चोर के निशाने पर सिर्फ एक्टिवा ही रहती हैं। चोरी करने के बाद एक्टिवा को तब तक दौड़ाता है, जब तक पेट्रोल खत्म न हो जाए। इसके बाद एक्टिवा की डिकी में रखा सामान और बैटरी चोरी करने के बाद दूसरी एक्टिवा की तलाश करता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में एक चोर एक्टिवा स्कूटर को चुराने के बाद दौड़ाता है। उसकी डिकी खोलकर सामान और बैटरी निकाल लेता है। पेट्रोल खत्म होने पर खड़ी कर दूसरी एक्टिवा चुरा ले जाता है। पुलिस के पास ऐसा ही मामला पहुंचा। पालीवाल पार्क से चोरी एक्टिवा बल्केश्वर में मिल गई। इसी तरह कारगिल चौराहा से चोरी एक्टिवा पालीवाल पार्क के बाहर मिली थी।
वजीरपुरा निवासी यतेंद्र भारद्वाज प्रापर्टी का कारोबार करते हैं। वह 11 मई को बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद पालीवाल पार्क पहुंचे। एक्टिवा को पार्क के बाहर खड़ाकर अंदर टहलने चले गए। एक घंटे बाद लौटे तो एक्टिवा नहीं थी। दूसरी एक्टिवा थी। उन्होंने समझा कि गलती से कोई उनकी एक्टिवा लेकर चला गया है। एक्टिवा में पेट्रोल नहीं था। काफी देर बाद भी कोई नहीं आया तो पुलिस को सूचना दी।
चोरी के बाद खड़ी मिली दूसरी एक्टिवा
पुलिस ने नंबर से मालिक का पता किया। वह आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर पांच निवासी भीम सिंह थे। उनकी एक्टिवा दस मई को कारगिल चौराहा से चोरी हुई थी। कोई इसकी जगह दूसरी एक्टिवा खड़ी कर गया था। उन्होंने भी पुलिस को जानकारी दी थी। एक्टिवा में पेट्रोल नहीं था।
एक्टिवा की डिकी से मोबाइल, पर्स और बैटरी मिले गायब
यतेंद्र ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की रात तकरीबन 12 बजे उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि बल्केश्वर में एक रेस्टोरेंट के बाहर उनकी एक्टिवा खड़ी है। वह पहुंच गए। एक्टिवा की डिकी को चोर ने तोड़ दिया था। उसमें रखा मोबाइल, पर्स और बैटरी निकाल ले गया था।
दर्ज किया गया मुकदमा
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि एक एक्टिवा की चोरी के बाद दूसरी एक्टिवा ले जाने का मामला सामने आया है। मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना की जा रही है। आरोपी की तलाश की जाएगी।