{"_id":"60a276548ebc3e8daa004334","slug":"police-constable-cut-challan-of-businessman-and-take-70-thousand-rupees-line-hazir","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"आगरा: व्यापारी से चालान के नाम पर की अभद्रता, 70 हजार रुपये वसूले, आरोपी पांच सिपाही लाइन हाजिर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आगरा: व्यापारी से चालान के नाम पर की अभद्रता, 70 हजार रुपये वसूले, आरोपी पांच सिपाही लाइन हाजिर
Tue, 18 May 2021 12:14 AM IST
Abhishek Saxena
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
Published by: Abhishek Saxena
Updated Tue, 18 May 2021 12:14 AM IST
सार
बोदला निवासी व्यापारी अनूप अग्रवाल उर्फ मोनू एक आइसक्रीम कंपनी के डीलर हैं। व्यापारी का आरोप था कि 13 मई को वह फर्म के बाहर ही रात नौ बजे तीन मित्रों के साथ कार में बैठे थे। तभी एक निजी कार में सवार थाना कोतवाली के पांच सिपाही आए और उनका बिना मास्क का चालान किया और रुपये वसूल लिए।
विज्ञापन
पीड़ित व्यापारी जिससे पुलिस ने वसूले रुपये
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा में कोतवाली के हींग की मंडी स्थित आइसक्रीम कंपनी के डीलर अनूप अग्रवाल उर्फ मोनू से अभद्रता और 70 हजार रुपये की वसूली के आरोप में घिरे पांच सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सीओ कोतवाली की जांच में सिपाही अभद्रता और बिना सक्षम अधिकारी के पीड़ित का कोविड प्रोटोकॉल नियमावली के उल्लंघन का चालान काटने के दोषी पाए गए। वहीं वसूली के आरोप की जांच चल रही है।
विज्ञापन
बोदला निवासी व्यापारी अनूप अग्रवाल उर्फ मोनू एक आइसक्रीम कंपनी के डीलर हैं। उनकी कोतवाली स्थित सेठ गली के पास फर्म है। व्यापारी का आरोप था कि 13 मई को वह फर्म के बाहर ही रात नौ बजे तीन मित्रों के साथ कार में बैठे थे। तभी एक निजी कार में सवार थाना कोतवाली के पांच सिपाही आ गए। सिपाहियों ने चारों को काफी डांटा। उनका बिना मास्क का चालान किया। इसके बाद अनूप को सेब का बाजार पुलिस चौकी पर ले आए। अनूप को सट्टे कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करके जेल भेजने की धमकी दी थी। इस मामले के संज्ञान में आने के बाद एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने सीओ कोतवाली से जांच कराई।
विज्ञापन
सीओ कोतवाली दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला कि सिपाही अपनी निजी गाड़ी से व्यापारी की फर्म के बाहर आए थे। व्यापारी और उनके तीन दोस्तों को चौकी पर ले जाकर कोविड उल्लंघन में 200-200 रुपये का चालान किया था। इस दौरान चालान की कार्रवाई को लेकर वाद विवाद हुआ था। सिपाहियों पर अभद्रता का आरोप सही पाया गया।
विज्ञापन
चालान काटने से पहले सक्षम अधिकारी चौकी प्रभारी एसआई और निरीक्षक को भी अवगत नहीं कराया गया था। इस कार्रवाई को सिपाही अभय प्रताप ने किया था। वहीं 70 हजार रुपये वसूली के आरोप की जांच की जा रही है। तब तक के लिए रविवार को सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस लाइन भेजे गए सिपाहियों में यादवेंद्र सिंह, हरीश कुमार, अश्वनी कुमार, शैलेंद्र कुमार और अभय प्रताप शामिल हैं।
ये भी पढ़ें-
प्यार के आगे झुका परिवार: प्रेमी युगल ने मंदिर में लिए सात फेरे, पुलिसकर्मी बने बराती
पशु तस्कर: आगरा-जयपुर हाईवे पर गोवंश से भरा कैंटर पकड़ा, चार गिरफ्तार, पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग