आगरा: ऑनलाइन रोड टैक्स के नाम पर कर रहे थे ठगी, गैंग के चार जालसाज गिरफ्तार, सरगना फरार
आगरा में आरटीओ के ऑनलाइन रोड टैक्स जमा करने की आड़ में एक गैंग व्यवसायिक वाहनों के स्वामियों और चालकों से ठगी कर रहा था। इसके लिए मथुरा के कोसी में हरियाणा बॉर्डर पर बूथ लगाया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में पुलिस ने रविवार को फर्जी आरटीओ बूथ खोलकर ऑनलाइन रोड टैक्स वसूलने वाले गैंग के चार जालसाजों को गिरफ्तार कर लिया। सरगना सहित पांच आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। यह गैंग फर्जी वेबसाइट के माध्यम से रसीद काटता था। आरोपी वेबसाइट में एडमिन बने थे।
आईजी नवीन अरोरा के मुताबिक, दस जुलाई को आवास विकास कालोनी के सेक्टर चार निवासी पुनीत पाराशर ने रेंज साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। इसमें कहा कि कोसी बॉर्डर पर आनलाइन आरटीओ टैक्स के नाम पर बूथ खोलकर वाहन चालकों से धोखाधड़ी की जा रही हैं।
उन्हें फर्जी वेबसाइट के माध्यम से रसीद दी जा रही है। शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। आईजी ने टीम का गठन कर दिया। रेंज साइबर थाना की पुलिस ने छापा मारकर चार आरोपियों को पकड़ लिया।
फर्जी वेबसाइट से मोबाइल पर आता था मैसेज
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने एक वेबसाइट बना रखी थी। इस वेबसाइट से एक रसीद निकालते थे। इसके साथ ही वाहन चालक के मोबाइल पर एक मैसेज भी पहुंचता था, जिस कारण से लोग इसे असली समझ लेते थे।
वह हर प्रकार के वाहनों का रोड टैक्स जमा करने की बात करते थे। इसके लिए अपनी फीस लेते थे। कोसी निवासी बलवीर गिरोह का सरगना है। वह सुपर एडमिन भी था। उसने अलग-अलग प्रदेश के टैक्स के लिए अलग-अलग साथी को एडमिन बनाया था।
दिन में कटने वाली रसीद का विवरण बलवीर के पास आ जाता था। वह काफी समय से यह काम करने में लगा था। पुलिस इस वजह से चेकिंग नहीं करती है कि आरोपी अपने बूथ के बोर्ड पर ऑनलाइन आरटीओ टैक्स लिखते थे।
इनकी हुई गिरफ्तारी
मथुरा के कोसी स्थित हुलवाना निवासी राजेंद्र उर्फ राजू, कोटवन निवासी प्रेम सिंह, मोनू और हरियाणा के पलवल निवासी हर्ष मित्तल को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लैपटॉप, चार मोबाइल, वेबसाइट, 10840 रुपये बरामद किए गए हैं।
सैंया में पकड़ा गया था फर्जीवाड़ा
सैंया बार्डर पर भी इसी तरह से वाहन चालकों से ठगी की जा रही थी। ऑनलाइन टैक्स की आड़ में गिरोह वसूली कर रहा था। विजीलेंस और पुलिस ने छापा मारा था। दस से अधिक लोगों को पकड़ा था।