Sawan 2023: बटेश्वर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, काशी के आचार्यों ने कराए रुद्राभिषेक
Sawan 2023: आगरा के बटेश्वर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यमुना में डुबकी लगाई। काशी के आचार्यों ने शिवालयों में रुद्राभिषेक कराए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा के बाह में पुरुषोत्तम मास के दूसरे सोमवार को बटेश्वर में आस्था का सैलाब उमड़ा। एक लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने उफान लेती यमुना नदी में डुबकी लगाई। ब्रह्मलालजी महाराज की पूजा के लिए दिनभर भक्तों की कतार लगी रही। घाट पर श्रद्धालुओं के लिए रस्सा भी बांधा था। पीएसी की फ्लड टीम भी सतर्क रही।
ब्रह्मलालजी मंदिर में घंटों की घनघनाहट के बीच पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस का पसीना छूट गया। सोमवार को बने विशेष योग में श्रद्धालुओं ने अपनी सुख समृद्धि के लिए रुद्राभिषेक कराया। आचार्य सूर्यकांत गोस्वामी ने बताया कि काशी के यज्ञाचार्यो ने 41 मंदिरों में रुद्राभिषेक आदि अनुष्ठान कराए। साधु-संतों के आश्रमों में भी हवन यज्ञ अनुष्ठान और भंडारे हुए। एसीपी बाह रविंद्र प्रताप सिंह, मंदिर के पुजारी राकेश वाजपेयी ने बताया कि सोमवार को एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु यमुना स्नान और भोले की पूजा को बटेश्वर पहुंचे।
यह भी पढ़ेंः- जमीन-पैसे के लालच में हत्या: फौजी जीजा ने रची खौफनाक साजिश...भाइयों ने दिया साथ, इकलौते साले को दी दर्दनाक मौत
कांवड़ियों के बम भोले के जयघोष से गूंजा बटेश्वर
सोरों से गंगाजल लेकर चले कांवड़िये सोमवार की दोपहर तक बटेश्वर आते रहे। रविवार मध्य रात्रि से सोमवार दोपहर बाद तक 10 हजार से ज्यादा कांवड़ियों ने बम भोले के जयघोष के साथ ब्रह्मलालजी महाराज का गंगाजल से अभिषेक किया। कंधे वाली कांवड़ के साथ ही भोले के भक्त हथेश्वरी एवं डाक कांवड़ लेकर भी पहुंचे। रविवार आधी रात को ब्रह्मलाल जी मंदिर के पट खोल दिए गए। मंदिर के पुजारी जय प्रकाश गोस्वामी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दूसरे सोमवार को 10 हजार से ज्यादा कांवड़ें चढ़ाई गईं हैं।
कांच चुभने से 120 श्रद्धालुओं के पैर हुए जख्मी
ब्रह्मलाल जी महाराज का अभिषेक के लिए तोड़ी गई गंगाजल से भरी शीशी के कांच के टुकड़े मंदिर परिसर में बिखर गए थे। दर्शन पूजन के दौरान बिखरे हुए कांच के टुकड़े चुभने से 120 श्रद्धालुओं के पैर जख्मी हो गए। जिन्हें स्वास्थ्य विभाग के शिविर में मरहम-पट्टी करानी पड़ी। मंदिर के प्रबंधक अजय भदौरिया ने बताया कि कांच के टुकड़े साफ करने के लिए कई बार मंदिर की सफाई कराई गई।
यह भी पढ़ेंः- हैवान पति: गर्भवती पत्नी से रात में की ऐसी डिमांड, मना किया तो दी दर्दनाक मौत; 10 महीने पहले की थी लव मैरिज
सांसद के परिवार ने ब्रह्मलाल जी मंदिर में की पूजा
सोमवार की शाम फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर का परिवार बटेश्वर पहुंचा। पुजारी जय प्रकाश गोस्वामी ने मंत्रोच्चारण के बीच ब्रह्मलाल जी मंदिर में पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान सोनू सैथिया, देवा ठाकुर, करन ठाकुर, अनुज शर्मा आदि रहे।