मैनपुरी। बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव से अभद्रता करने वाले आलीपुर खेड़ा चौकी प्रभारी द्वारा वकील से माफी मांगी गई है। जिसके बाद वकीलों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार समाप्त कर दिया। दीवानी पहुंचे सीओ भोगांव ने वकीलों से चौकी प्रभारी के आचरण के लिए खेद जताया। वहीं भविष्य में इस तरह की घटना नहीं होने का आश्वासन भी दिया।
बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव विश्वविमोहन राजपूत के साथ एक अगस्त को हस्तिनापुर में आलीपुर खेड़ा चौकी प्रभारी विकास भारती ने अभद्रता करके चालान तक करने की धमकी दी। दीवानी के वकीलों ने पांच जनवरी को अदालतों में काम नहीं करके एसपी से मिलने का निर्णय लिया। बुधवार को चौकी प्रभारी ने पीड़ित वकील से माफी मांग ली। दीवानी पहुंचे सीओ भोगांव प्रयांक जैन ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कृष्ण पांडेय, सचिव ब्रजेंद्र सिंह यादव, पूर्व सचिव विश्व विमोहन राजपूत, पूर्व अध्यक्ष सौरभ यादव से मिलकर चौकी प्रभारी के आचरण के लिए खेद जताया। इसके बाद दीवानी के सभागार में हुई बैठक में वकीलों ने कार्य बहिष्कार वापस लेने का निर्णय लिया। इस दौरान शैलेंद्री राजपूत, विनीता भदौरिया, रीता नैयर, शिव कुमार यादव, संतोष यादव राजू, अजीतकांत मिश्रा, पंकज यादव, मुकेश बाबू शर्मा, रोहित यादव, राजेश यादव मौजूद रहे।