एटा: दुकान में आतिशबाजी बनाते समय धमाका, एक व्यक्ति की मौत, एक अन्य घायल
घटना अलीगंज क्षेत्र के गांव चमन नगरिया की है। धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा के कस्बा अलीगंज में गुरुवार की सुबह आतिशबाजी बनाते समय एक दुकान में धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि पूरी दुकान धराशायी हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। सुरक्षा मानक पूरे न मिलने पर पुलिस ने लाइसेंसधारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अलीगंज-मैनपुरी रोड पर मुहल्ला चमन नगरिया के पास डेरा बंजारे में खाली पड़ी जमीन पर बनी एक दुकान में आतिशबाजी का निर्माण किया जा रहा था। गुरुवार की सुबह करीब 10.30 बजे दुकान में भीषण धमाका हुआ। जिसमें पटाखा कारीगर राजबहादुर (45) निवासी नगला सावा थाना अलीगंज की मौके पर ही मौत हो गई।
लाइसेंसधारक शफीक अंसारी का पुत्र वसीम गंभीर रूप से झुलस गया। अलीगंज के एसडीएम एसपी वर्मा और सीओ राघवेंद्र सिंह पुलिस बल व दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। सुलगती आतिशबाजी पर पानी डालकर बुझाया गया।
मलबे से वसीम को निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां से जिला अस्पताल और इसके बाद आगरा रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान पूरी तरह धराशायी हो गई। बिखरा हुआ मलबा धमाके की तीव्रता की गवाही दे रहा था। धमाके की आवाज पांच किमी से ज्यादा दूरी तक सुनी गई।
मानक पूरे नहीं होने पर पुलिस ने लिखाया मुकदमा
पटाखा लाइसेंसधारक शफीक अंसारी ने सुरक्षा मानक पूरे नहीं किए थे। यह खुलासा एसडीएम की जांच में हुआ है। लाइसेंस की अवधि 31 मार्च थी। फीस दो अप्रैल को जमा हो चुकी थी, लेकिन कोरोना कर्फ्यू के चलते नवीनीकरण नहीं हो सका था। क्राइम इंस्पेक्टर आरके सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि हादसे में राजबहादुर सिंह की मौत हुई है और एक युवक घायल हुआ है। सुरक्षा मानक पूरे नहीं होने पर लाइसेंसधारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।