Kasganj: चप्पल पहनकर मंदिर में जाने के विवाद में वृद्व की गोली मारकर हत्या
घटना की सूचना पर एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एएसपी अनिल सिसोदिया, सीओ दीप कुमार पंत व कोतवाली प्रभारी सिद्धार्थ तोमर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
विस्तार
कासगंज में एक सप्ताह पूर्व चप्पल पहनकर मंदिर में जाने को लेकर हुए विवाद के प्रतिशोध में बुधवार की शाम हुल्का मोहल्ला में बाजार जाने के दौरान वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चिकित्सकों के अनुसार फायरिंग में एक गोली वृद्ध की छाती में और दूसरी गोली पसलियों में लगी। गोली लगते ही मौके पर ही वृद्ध की मौत हो गई। उधर वारदात को अंजाम देने वाला युवक हथियार लहराते फरार हो गया।
वृद्ध को मारी दो गोली
सुबोध शर्मा (65) निवासी हुल्का मोहल्ला सायं करीब 5:30 बजे अपने घर से दुकान की ओर जा रहे थे, तभी पड़ोसी युवक राजा पुत्र नत्थू निवासी हुल्का मोहल्ला ने उन्हें रोक कर उनसे भला बुरा कहते हुए विवाद किया। इस विवाद के दौरान ही तमंचे से युवक ने दो गोली मार दीं। एक गोली वृद्ध की छाती में लगी, जबकि दूसरी गोली वृद्ध की पसलियों में लगी। गोली लगते ही वृद्ध मौके पर ही गिर गए और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी युवक फरार हो गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही पुलिस
घटना की सूचना पर एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एएसपी अनिल सिसोदिया, सीओ दीप कुमार पंत व कोतवाली प्रभारी सिद्धार्थ तोमर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।