तीसरी लहर से निपटने की तैयारी अधूरी: आगरा में न पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सक, न अस्पतालों में पीआईसीयू बेड
आगरा जिले में 10 साल तक के 9.50 लाख बच्चे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक 210 ही हैं, जबकि मानक 950 का है। आईएमए आगरा के पदाधिकारियों का कहना है कि तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां पुख्ता रूप से करनी चााहिए, नहीं तो स्थिति बिगड़ सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए ताजनगरी में इंतजाम अधूरे हैं। एक हजार बच्चों पर एक बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक होना चाहिए, जबकि हैं महज एक चौथाई। वहीं निजी अस्पतालों में पीआईसीयू (बाल सघन चिकित्सा कक्ष) में भी 200 बेड उपलब्ध हैं जो कि जरूरत के हिसाब से आधे भी नहीं हैं।
वेंटिलेटर समेत अन्य जीवनरक्षक उपकरणों की संख्या भी 15 ही है। एसएन मेडिकल कॉलेज में भी 100 बेड का कोविड अस्पताल तैयार है, लेकिन बाल सघन चिकित्सा कक्ष (पीआईसीयू) के लिए वेंटिलेटर, बाइपैप और सीपैप मशीनें नहीं हैं। शासन ने इसे तैयार करने के लिए 20 जून तक का समय दिया है।
तेजी से करें तैयारियां
निर्वाचित आईएमए अध्यक्ष और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी यादव ने बताया कि शहर में करीब 210 निजी और सरकारी बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक हैं। मानक के तौर पर एक हजार बच्चों पर एक चिकित्सक होना चाहिए।
इस हिसाब से आगरा के 9.50 लाख बच्चों (0-10 वर्ष) के लिए 950 विशेषज्ञ चिकित्सक होने चाहिए, लेकिन यहां करीब एक चौथाई ही उपलब्ध हैं। तीसरी लहर की तैयारियां तेजी से करनी चाहिए, नहीं तो दूसरी लहर की तरह अव्यवस्थाएं फैल जाएंगी। निजी चिकित्सक भी इसमें पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं।
एसएन में 50 पीआईसीयू, 50 आइसोलेशन बेड
संक्रमित बच्चों का इलाज बाल रोग विभाग में बने आइसोलेशन वार्ड में किया जाएगा। यहां पर 50 बेड का आइसोलेशन वार्ड और 50 बेड बाल सघन चिकित्सा कक्ष (पीआईसीयू) के लिए तय किए गए हैं।
पीआईसीयू के लिए वेंटिलेटर, बाइपैप मशीन नहीं हैं। इन जीवनरक्षक उपकरणों के अभाव में गंभीर बच्चों का इलाज नहीं हो पाएगा। प्रशासन के निर्देश पर 20 जून तक पूरी तरह से आइसोलेशन वार्ड तैयार करना है, लेकिन मशीन न होने से तैयारियां अधूरी हैं।
नॉन कोविड अस्पताल में 8 वेंटिलेटर
बच्चों के इलाज में उपयोग होने वाले वेंटिलेटर वयस्क वालों से भिन्न होते हैं। अभी एसएन के पास बच्चों के आठ वेंटिलेटर हैं, जो नॉन कोविड बाल रोग विभाग में लगे हैं। वहीं एसएन मेडिकल कॉलेज में 39 बाल रोग विशेषज्ञ ही हैं। इसमें आठ वरिष्ठ चिकित्सक, 30 जूनियर डॉक्टर और एक सीनियर रेजीडेंट हैं। ऐसे में अन्य मर्ज के चिकित्सकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आगरा पीडियाट्रिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आरएन शर्मा ने कहा कि तीसरी लहर से आशंकित होने की जरूरत नहीं। अभी तक की स्टडी में बच्चे संक्रमित जरूर हुए, लेकिन स्थिति नाजुक नहीं रही है। तीसरी लहर आएगी तो वयस्क और बच्चे दोनों के संक्रमित होने की आशंका है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा के लिए परिजन टीकाकरण करवा लें। क्योंकि बच्चों को परिजनों से ही ज्यादा खतरा है।
आगरा पीडियाट्रिक्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. अरुण जैन ने बताया कि तीसरी लहर से निपटने के लिए पहले से ही बेहतर व्यवस्थाएं करनी होंगी। निजी अस्पतालों में करीब 200 पीआईसीयू बेड हैं। ऐसे में अलग-अलग अस्पतालों में सेटअप करने के बजाए चार-पांच अस्पतालों में ही 400 से 500 बेड की व्यवस्था की जाए। आपात स्थिति के लिए पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य मर्ज के चिकित्सकों को भी बच्चों की देखरेख के लिए प्रशिक्षण दिया जाए
एसएन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज यादव ने बताया कि पीआईसीयू के लिए 20 वेंटिलेटर, 20 बाइपैप मशीनों की मांग शासन से की है। 20 जून तक आइसोलेशन वार्ड तैयार करना है। इसके लिए रोजाना मॉनीटरिंग भी की जा रही है।
बच्चों के लिए 100 बेड के दो वार्ड
प्राचार्य डॉ. संजय काला ने कहा कि बच्चों के लिए 50 बेड का आईसीयू और 50 बेड का आइसोलेशन वार्ड तय किया है। इसे बाल रोग विभाग की इमारत में संचालित आइसोलेशन वार्ड में ही संचालन किया जाएगा।