सपा के कद्दावर नेता आजम खान के खिलाफ गैर जमानती वारंट, ये है मामला
समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। विधानसभा चुनाव 2007 के दौरान फिरोजाबाद की जनसभा में भड़काऊ भाषण देने के मामले में यह वारंट जारी किया गया है।
आजम खान ने वर्ष 2007 में मोहल्ला हुसैनी में सपा प्रत्याशी पूर्व विधायक अजीम भाई के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया था। शहर के मुस्लिम बहुल क्षेत्र मोहल्ला हुसैनी में यह जनसभा आयोजित की गई थी।
इस जनसभा में आजम खां के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने और धारा 144 का उल्लंघन करने का मुकदमा तत्कालीन एसडीएम सदर ने थाना रसूलपुर में 4 अप्रैल 2007 को दर्ज कराया था। आजम खां इस मामले में एक भी बार कोर्ट में हाजिर नहीं हुए।
पुलिस को नहीं है जानकारी
इस पर अपर मुख्य दंडाधिकारी प्रथम कोर्ट से कुछ दिन पूर्व गैर जमानती वारंट जारी हो गया। पूर्व विधायक अजीम भाई ने बताया कि हुसैनी मोहल्ले में सभा हुई थी। अगले दिन हमने अखबार में ही पढ़ा था कि आजम खां के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में कोई वारंट जारी हुआ है। इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
एसएसपी सचिंद्र पटेल ने बताया कि पूर्व नगर विकास मंत्री आजम खां के खिलाफ पूर्व में वारंट जारी हुए हैं, जिसकी जानकारी नहीं है। हो सकता है उनके गृह जनपद को सीधे वारंट भेजा गया हो। वो जानकारी करा रहे हैं।