निकाय चुनाव एटा: 17 गांवों के बाशिंदे पहली बार चुनेंगे चेयरमैन, अब तक चुनते थे प्रधान
एडीएम व उप जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष चौधरी ने बताया कि मिरहची नगर पंचायत में अन्य निकायों की तरह ही चुनाव कराया जाएगा। यहां करीब 16 हजार मतदाता हैं जो निकाय चुनाव के दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
विस्तार
एटा सदर तहसील क्षेत्र के 17 गांवों को शामिल कर नई नगर पंचायत मिरहची बनाई गई है। जहां पहली बार निकाय चुनाव कराया जा रहा है। यहां के मतदाता पहली ही बार अपने चेयरमैन को चुनेंगे। इससे पहले वह ग्राम प्रधान का चुनाव करते आए हैं।
नगर पंचायत में छह ग्राम पंचायतों के 17 गांव शामिल किए गए हैं। जिनमें मिरहची, नगला गुमानी, नगला चहबच्चा, फरीदपुर, हुसैनचक, जिन्हैरा, नगला नथा, आजमपुर, गंगापुर, कुटैना माफी, नगला घसिया, नूरनगर, सोनोठ, फतेहपुर माफी, जारथल, न्याजनगर और बढ़ौली गांव हैं। इनसे जुड़े मतदाताओं ने पिछले साल ग्राम प्रधान चुनने के लिए वोट डाले थे। इस बार नई नगर पंचायत का अध्यक्ष व सभासद चुनने के लिए मतदान करेंगे।
16 हजार मतदाताओं को मिलेगा मौका
नगर पंचायत के पहले चेयरमैन को चुनने का मौका 16025 मतदाताओं को मिलेगा। इनमें 8544 पुरुष और 7481 महिला मतदाता शामिल हैं। एडीएम व उप जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष चौधरी ने बताया कि मिरहची नगर पंचायत में अन्य निकायों की तरह ही चुनाव कराया जाएगा। यहां करीब 16 हजार मतदाता हैं जो निकाय चुनाव के दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
ये भी पढ़ें - Agra: रामकथा कहने आए जगद्गुरु के खिलाफ थाने में दी तहरीर, भड़के सपा और बसपा कार्यकर्ता; जानें क्या है मामला
ये बोले लोग
जिन्हैरा के सुनहरी खान ने बताया कि नगर पंचायत मिरहची में अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशियों की लाइन लगी है। हमें ऐसे चेयरमैन का चयन करना है जो कस्बों को विकास के पथ पर ले जाएं। इससे नवगठित नगर पंचायत की अलग पहचान हो। मिरहची के संतोष कुमार ने बताया कि नगर पंचायत में ऐसे चेयरमैन का चयन करेंगे, जो स्वच्छ छवि का हो। किसी भी मतदाता से वोट देने अथवा न देने को लेकर द्वेष भावना न रखता हो। जिसका उद्देश्य नगर पंचायत क्षेत्र का विकास कराना हो।