आरएसएस की योजना, अमेजन से अपना सकेंगे मोदी-योगी की स्टाइल
अगर आप मोदी और योगी से प्रभावित हैं और उनके पहनावे से लेकर खानपान तक को अपनाना चाहते हैं, तो अगले महीने से आपकी ये ख्वाहिश पूरी होने वाली है। अक्टूबर से आपके हाथों में ये सारे प्रोडेक्ट होंगे। मथुरा में आरएसएस समर्थित एक फार्मेसी दर्जनभर नेचुरल कॉस्मेटिक्स और दवाइयों को बाजार में उतारने जा रही है।
इसमें मोदी और योगी के कुर्ता से लेकर गाय के मूत्र और गोबर से निर्मित सामान हैं। इसे अमेजन पर आनलाइन भी खरीदा जा सकता है। अमेजन पर इन प्रोडक्ट्स को गोगुडनेस नाम दिया गया है। मथुरा में आरएसएस द्वारा संचालित दीनदयाल धाम केंद्र से योजना की शुरुआत की जा ही है। इसमें कुर्ता के 30 प्रोडक्ट की बिक्री की जाएगी। गाय से निर्मित उत्पाद बाजार में पहले ही उतारे जा चुके हैं। ये कामधेनु के नाम से उतारे गए हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया से आरएसएस प्रवक्ता अरूण कुमार ने कहा कि इस तरह के उत्पादों की बिक्री का मकसद स्थानीय लोगों को नौकरी प्रदान करना है। इसके साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है। अगर ऑनलाइन बिक्री बढ़ती है तो इससे इस प्रकार की नौकरियों में भी इजाफा होगा। आपको बता दें कि वर्तमान में एक महीने में कुल 1 लाख के पर्सनल केयर और दवाइयों की बिक्री होती है जबकि 3 लाख के कपड़ों की बिक्री होती है।
धाम के उप सचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि कामधेनु लाइन के प्रोडक्ट, कुर्ता और अन्य खादी उत्पाद अमेजन पर उपलब्ध हैं। वहां काम करने वाले रामगोपाल ने बताया कि हम अपने ही शेड से गाय के यूरिन और गोबर को इकट्ठा कर इन उत्पादों को तैयार करते हैं।
इस सेंटर में 90 गाय और उनके साथ 10 वर्कर काम करते हैं। साल 2015 में उन्होंने 700 किग्रा च्यवनप्राश की बिक्री की थी जो 2017 में बढ़कर 1200 किग्रा हो गई। धाम के निर्देशक राजेंद्र ने बताया कि डिमांड बढ़ रही है। सभी उत्पादों के दाम 10 रुपए से लेकर 230 रुपए तक हैं, जबकि मोदी और योगी कुर्ता 220 रुपए में उपबल्ध है।
मनीष गुप्ता ने बताया कि योगी कुर्ता सिर्फ गेरुआ रंग में ही उपलब्ध है, वहीं मोदी स्टाइल के कुर्ते कई रंगों में हैं। उन्होंने बताया कि कुल 50 कारीगरों में ज्यादातर महिलाएं हैं, जिन्हें प्रतिदिन 120 रुपये मेहनताना दिया जाता है। यह सेंटर 1980 से संचालित है।