मथुरा में मां-बेटे की मौत पर बवाल, भीड़ का विधायक पर हमला
यह दर्दनाक हादसा शनिवार को दोपहर डेढ़ बजे फरह से बेरी को जाने वाले मार्ग पर धर्मपुरा पुलिया पर हुआ। यहां बेरी की तरफ जा रही एक बाइक क्षतिग्रस्त पुलिया से गुजरते समय फतेहपुर सीकरी रजबहा में गिर गई। बाइक पर दंपति, उनका बेटा और भांजी सवार थे। आसपास के लोगों ने देखा तो शोर मचा दिया। भीड़ मौके पर पहुंच गई। स्थानीय युवक रजबहा में कूद गए और सबसे पहले बच्चे के शव को बरामद कर लिया गया।
करीब साढ़े तीन घंटे बाद महिला का शव निकाला। रजबहा से निकाली गई बाइक पर लिखे नंबर के आधार पर जब पुलिस ने पड़ताल कराई तो दंपति की पहचान सलमू (25) और उसकी पत्नी हसीना (19), दो वर्षीय पुत्र फैज और छह साल की भांजी जिहाना के रूप में हुई। सलमू भरतपुर (राजस्थान) के गांव ठेई चिकसाना का रहने वाला है और परिवार के साथ हाथरस से लौट रहा था। जब सूचना के बाद भी पुलिस और प्रशासनिक अफसर नहीं पहुंचे तो भीड़ में आक्रोश फैल गया।
सुरक्षा गार्ड से भी मारपीट की गई
इसी दौरान क्षेत्रीय विधायक पूरन प्रकाश मौके पर पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने उन्हें घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ का कहना था कि हादसे के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। गुस्साई भीड़ को जब विधायक ने शांत कराने की कोशिश की तो विधायक से भिड़ गए।
धक्का मुक्की होने लगी। उनके सुरक्षा गार्ड से भी मारपीट की गई। किसी तरह विधायक भीड़ से निकलकर आए। विधायक पूरन प्रकाश का कहना है कि भीड़ ने उन पर हमला किया है। देर रात तक सलमू और भांजी जिहाना का कोई सुराग नहीं लग सका है।
एसएसपी मथुरा स्वप्निल ममगाई ने कहा कि ‘भाजपा विधायक पूरन प्रकाश उनसे मिलने के लिए आए थे। फरह के गांव धर्मपुरा में उनके साथ जो घटना हुई थी उससे अवगत कराया। अगर विधायक तहरीर देंगे तो मुकद्दमा दर्ज किया जाएगा।