सियासी उठापटक: बसपा छोड़ भाजपा में शामिल हुए विधायक रामवीर उपाध्याय, सदस्यता लेते समय भर आईं पत्नी सीमा की आंखें
बृज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने साफा पहनाकर और भाजपा का पटका पहनाकर पूर्व ऊर्जामंत्री रामवीर उपाध्याय को सदस्यता दिलाई। इस दौरान उनकी पत्नी सीमा उपाध्याय भावुक हो गईं और रोने लगीं।
विस्तार
बसपा सरकार में नंबर दो की हैसियत रखने वाले एवं ब्राह्मण नेता पूर्व ऊर्जामंत्री रामवीर उपाध्याय ने शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया। एक दिन पहले ही उन्होंने बसपा से इस्तीफा दिया था। रामवीर उपाध्याय को भाजपा बृज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने उनके शास्त्रीपुरम स्थित निवास पर जाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। खराब स्वास्थ्य के कारण सादाबाद के विधायक रामवीर उपाध्याय व्हीलचेयर पर आए।
हर कार्यकर्ता अपने आप को रामवीर उपाध्याय समझे- सीमा उपाध्याय
शास्त्रीपुरम स्थित घर पर पूर्व ऊर्जामंत्री और सादाबाद के विधायक रामवीर उपाध्याय के भाजपा में शामिल होने की खबर पर उनके समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। सुबह से ही हाथरस, सादाबाद से उनके समर्थक घर पर पहुंचने लगे। दोपहर एक बजे व्हीलचेयर पर अपने पुत्र चिराग उपाध्याय और पत्नी सीमा उपाध्याय के साथ वह घर के बाहर लॉन में आए। रामवीर उपाध्याय ने केवल हाथ हिलाकर अभिवादन किया। बृज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने साफा पहनाकर और भाजपा का पटका पहनाकर उन्हें सदस्यता दिलाई। इस दौरान उनकी पत्नी सीमा उपाध्याय भावुक हो गईं और रोने लगीं। उन्होंने समर्थकों से रुंधे हुए गले से कहा कि हर कार्यकर्ता अपने आप को रामवीर उपाध्याय समझे।
बृजक्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि रामवीर उपाध्याय के पार्टी में शामिल होने से पार्टी को बल मिलेगा। क्षेत्र की जनता उनके साथ-साथ पार्टी से भी जुड़ेगी। यह सदस्यता अभियान सिर्फ रामवीर उपाध्याय का नहीं, बल्कि उनके समर्थकों उनके रिश्तेदारों व उनसे जुड़े हुए उन सभी लोगों का है, जो बीजेपी में अपनी आस्था जताते हैं। इसके बाद फोन पर ही उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने लोगों को संबोधित किया और कहा कि रामवीर उपाध्याय के आने से पूरे प्रदेश में इसका असर नजर आएगा।