आगरा: सराफ की पत्नी को कुर्सी से बांधकर घर में डाला डाका, 17 लाख के जेवरात ले गए बदमाश
- पुलिस दो दिन तक वारदात को बताती रही संदिग्ध
- सीसीटीवी फुटेज में बदमाश दिखने पर लूट की धारा बढ़ाई
विस्तार
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के कालिंदी विहार में सराफ की पत्नी को कुर्सी से बांधकर डाका डाला गया। बदमाश 17 लाख रुपये के जेवरात ले गए। गुरुवार की शाम हुई इस वारदात को दो दिन तक पुलिस संदिग्ध बताती रही। शनिवार को जब सीसीटीवी फुटेज में बदमाश नजर आ गए तब साइबर सेल की टीम को जांच के लिए भेजा गया। अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला है। एफआईआर में लूट की धारा लगाई गई है।
कालिंदी विहार के ए ब्लॉक निवासी सराफ हेमंत सोनी की घर के बाहर की तरफ आरबी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। पिता राजबहादुर राजाखेड़ा, धौलपुर में शिक्षक हैं। वहीं रहते हैं। हेमंत गुरुवार की शाम को चाचा के घर गए थे। गेट खुला था, तभी चार बदमाश अंदर दनदनाते हुए घुस आए।
उनकी पत्नी मोनिका ने बताया कि बदमाशों ने आते ही उन पर तमंचा तान दिया। शोर मचाने पर जाने से मारने की धमकी दी। इसके बाद तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। उनकी आंख में चोट लगी। बदमाशों ने उन्हें कुर्सी पर शॉल से बांध दिया। मुंह भी बांध दिया। उनकी चेन, पायल, चूड़ियां उतार ली। इसके बाद कमरे और दुकान में लूटपाट की। उनके साथ मारपीट भी की गई। लूटपाट के बाद बदमाश उन्हें कमरे में बंद करके भाग गए।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आए दो बदमाश
मोनिका ने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने पति को मोबाइल से सूचना दी। इसके बाद शोर मचाया तो पड़ोस के लोग आ गए। उन्होंने उसे कमरे से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस आई लेकिन उनका मेडिकल परीक्षण तक नहीं कराया, जबकि उन्हें चोट लगी थी। बाद में पड़ोसियों से पता चला कि दो बदमाश बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। इस तरह कुल बदमाश छह थे।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि हेमंत की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। घटना के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उधर, पड़ोस के लोगों ने बताया कि उनके कैमरे में दो बदमाश नजर आ रहे है जो हेमंत के घर के बाहर खड़े हैं। हेमंत का कहना है कि इसकी जानकारी देने के बाद पुलिस टीम आई।
चाबी नहीं मिलने पर पीटा
बदमाशों ने मोनिका से अलमारी की चाबी के बारे में पूछा था। उन्होंने कहा कि वह चाबी नहीं रखती है। चाबी पति के पास रहती है। इस पर बदमाशों ने उनकी पिटाई की। जान से मारने की धमकी दी।
हेमंत सोनी ने बताया कि लूटपाट के दौरान पत्नी का मंगलसूत्र टूट गया था। आधा हिस्सा वहीं पर पड़ा था। इसे देखकर पुलिसवालों ने कह दिया कि घटना संदिग्ध लग रही है क्योंकि बदमाश आधा मंगलसूत्र क्यों छोड़कर जाते।
चालक ने दी लूट की सूचना, पुलिस बोली- नशे में था
शुक्रवार रात को भी एक मेटाडोर चालक ने पुलिस को लूट की सूचना दी थी। चालक मुरादाबाद का माल लेकर जा रहा था। पुलिस को बताया कि वह खाना खाने के बाद गाड़ी में बैठा था। तभी दो बदमाश स्कूटी पर आए। उन्होंने केबिन का गेट खुलवाने के बाद मारपीट की। तमंचा तानकर पांच हजार रुपये लूट लिए।
पुलिस ने पहुंचकर जांच की। हालांकि थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी का कहना है कि लूट नहीं हुई है। चालक नशे में था। वह बिना शिकायत के चला गया। हालांकि चालक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इसमें चालक रोते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दे रहा है।