मथुरा: मेवा व्यापारी के घर पर बदमाशों ने बोला धावा, तीन लाख नकदी और जेवर लूटकर फरार
कस्बा नौहझील में बदमाशों ने शुक्रवार रात को एक व्यापारी के घर पर धावा बोल दिया और नकदी व जेवर लूट कर फरार हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा के कस्बा नौहझील में शुक्रवार की रात दीवार फांदकर मेवा व्यापारी के घर में घुसे हथियारों से लैस नकाबपोश चार बदमाशों ने मारपीट करते हुए तीन लाख रुपये की नकदी और दो लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। 50 मिनट तक घर में वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मथुरा रोड पर पैदल भाग गए। घर में घुसने से पहले एक बदमाश हेलमेट व अन्य ने काले कपड़े से मुंह ढका था। मेवा व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मथुरा मार्ग निवासी मनोज अग्रवाल मेवा व्यापारी हैं। मकान के निचले हिस्से में दुकान और दूसरी मंजिल पर आवास बना रखा है। रात करीब 2:10 बजे बदमाश पीछे से दीवार फांदकर दरवाजे की कुंडी खोलकर दूसरी मंजिल पर बरामदे में पहुंचे और सो रही मेवा व्यापारी की मां राधा अग्रवाल का मुंह दबाकर चुप करा दिया। उसके बाद तीन बदमाशों ने अंदर घुसते ही मेवा व्यापारी, उसकी पत्नी नीतू अग्रवाल और बहन सीमा अग्रवाल से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच बहन बेहोश हो गई।
सीसीटीवी का डीवीआर खराब देखकर बदमाशों ने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर से घर की लाइट को ऑन किया। फिर अलमारी की चाबी लेकर तीन लाख रुपये की नकदी लूटी। बदमाशों ने मेवा व्यापारी की पत्नी, मां और बहन से जेवरात लूट लिए। बदमाशों ने पूरा घर खंगाल दिया। एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर, एसपी देहात श्रीशचंद भी पहुंच गए। एसएसपी ने बताया कि तीन टीमें खुलासे में लगाई गई हैं।
50 मिनट तक घर में घुसकर बेखौफ बदमाश वारदात को अंजाम देते रहे और पड़ोसियों को पता तक नहीं चला। बदमाशों ने घर की लाइट खोलने के बाद लूटपाट की वारदात की। पांच फीट की दीवार को फांदकर पीछे से घर में घुसे। बदमाशों ने दरवाजे की कुंडी भी खोल ली। बदमाशों को यह भी पता था कि मेवा व्यापारी के घर में सीसीटीवी भी है, वह भी खराब हैं।
दो बदमाश लूटपाट करने में मशगूल रहे, वहीं एक मेवा व्यापारी पर तमंचा तानकर खड़ा रहा। नकदी लूटने के बाद बदमाशों ने मां, पत्नी और बहन से जेवरात लूटे। उसके बाद बदमाश इत्मीनान से घर से निकलकर बाहर आ गए। गली के नुक्कड़ पर लगे नल से चारों बदमाशों ने पानी पीया। उसके बाद मथुरा रोड पर पैदल-पैदल चारों बदमाश भाग खड़े हुए।
मेवा व्यापारी ने पुलिस को छह घंटे बाद सूचना दी। अगर मेवा व्यापारी पुलिस को समय पर सूचना दे देता तो संभवत: पुलिस इन बदमाशों को पकड़ लेती या फिर इनकी तलाश तो शुरू कर देती। छह घंटे बाद सूचना देना भी पुलिस के गले नहीं उतर रहा।
अंकलजी, आंटीजी और ताईजी कहकर बुला रहे थे बदमाश
तीन बदमाशों ने चेहरे पर काला कपड़े का नकाब लगाकर रखा था तो चौथे बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था। चारों बदमाश मेवा व्यापारी को अंकलजी, बहन और पत्नी को आंटीजी एवं मां को ताईजी कहकर बोल रहे थे। चारों बदमाशों की भाषा देहाती थी, पर उसे छुपाने के लिए बनावटी भाषा का प्रयोग कर रहे थे।
मेवा व्यापारी ने बताया कि चारों बदमाश पूछ रहे थे घर का मुखिया कौन हैं और पैसा कहां पड़ा है। अब सवाल खड़ा होता है कि वास्तव में बदमाश मुखिया का नहीं जानते थे या फिर वह अपने का अनजान सिद्व करने में जुटे हुए थे। संभावना है कि बदमाश मेवा व्यापारी परिवार को पहले से ही जानते हैं।
फर्नीचर की दुकान के नौकरों से पूछताछ
नौहझील पुलिस ने गोपाल फर्नीचर वाले के चार नौकरों को पूछताछ के लिए बुलाया है। इनकी उम्र 20 से 25 की है। यही उम्र बदमाशों की बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी ने बताया कि जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गईं हैं। जल्द ही लूट का खुलासा करके बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। करीब पांच लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है।