आगरा: दुल्हन के भाई से रुपयों से भरा बैग लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार, वारदात से पहले बंद कर लेता था अपना मोबाइल
पुलिस की गिरफ्त में आया बदमाश शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। वह लूट से पहले अपना मोबाइल बंद कर लेता था। बाद में शहर से बाहर ठिकाना बनाता था।
विस्तार
आगरा की थाना जगदीशपुरा पुलिस ने एक मैरिज होम के बाहर बैग लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि वह तीन महीने पहले ही जेल से छूटा है। पुलिस से बचने के लिए लूट से पहले अपना मोबाइल बंद कर लेता है। दूसरे जिले में जाकर अपना ठिकाना बना लेता था।
23 अप्रैल को की थी वारदात
थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक प्रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि 23 अप्रैल को अवधपुरी स्थित मैरिज होम में शादी थी। दोपहर में दुल्हन का भाई गौरव और उसका दोस्त सचिन मैरिज होम के बाहर खड़े थे। उनके हाथ में दो लाख रुपयों से भरा बैग लगा था। सफेद अपाचे सवार बदमाशों ने बैग लूट लिया था। पुलिस को बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज मिले थे।
सीसीटीवी फुटेज से लुटेरे तक पहुंची पुलिस
दो दिन पहले पुलिस ने बाइक चोर गैंग को जेल भेजा था। आरोपी नंदराम ने पूछताछ में शाहगंज के शिव नगर निवासी भगवान सिंह उर्फ शिवम और सनी का नाम बताया। कहा कि दोनों लूट करते हैं। उनके पास सफेद अपाचे है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से बाइक की पहचान कराई। इसके बाद शनिवार रात को शिवम को पकड़ लिया।
आरोपी युवक जब भी लूट करने के लिए घर से निकलता था, मोबाइल बंद कर लेता था। वारदात के बाद शहर से बाहर भाग जाता था। वहीं मोबाइल ऑन करता था। उसके पास से पुलिस ने लूट की रकम के 15,400 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस उसके साथी की तलाश कर रही है।