आगरा: आज से आवास विकास सेक्टर-9 में मिनी नगर निगम शुरू, मेयर नवीन जैन करेंगे शुभारंभ
कोरोना की दूसरी लहर के कारण ताजनगरी में एक मई से प्रस्तावित मिनी नगर निगम की शुरुआत अब बुधवार से की जाएगी। सबसे पहले लोहामंडी जोन कार्यालय को शिफ्ट करके आवास विकास सेक्टर-9 में मेयर कैंप कार्यालय से संचालित किया जाएगा।
विस्तार
लोहामंडी जोन का कार्यालय अब लोहामंडी से शिफ्ट करके आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-9 में बनाया गया है, जो आज से शुरू हो जाएगा। नई व्यवस्था के तहत 100 वार्डों को चारों जोन में 25-25 के जोन में बांटा गया है। अभी तक चारों जोन में वार्डों की संख्या समान नहीं थी। छत्ता जोन में 29 वार्ड, ताजगंज जोन में 16 वार्ड, लोहामंडी जोन में 33 वार्ड तथा हरी पर्वत जोन में 22 वार्ड थे। अब चारों जोन में 25-25 वार्ड कर दिए गए हैं।
इस सप्ताह शुरू होंगे सभी जोन कार्यालय
26 मई- लोहामंडी जोन: आवास विकास सेक्टर-9 मेयर कैंप कार्यालय
27 मई- ताजगंज जोन: फतेहाबाद रोड स्थित नगर निगम शेल्टर होम
28 मई- छत्ता जोन : वाटरवर्क्स स्थित जलकल कार्यालय का भूतल
सप्ताहांत- हरीपर्वत जोन : एमजी रोड स्थित नगर निगम मुख्य कार्यालय
सेक्टर-9 में तैनात किए गए अधिकारी
मेयर ने बताया कि लोहामंडी जोन कार्यालय का प्रभारी अधिकारी सहायक नगर आयुक्त अश्वनी कुमार को बनाया गया है। यहां हाउस टैक्स विभाग से कर निर्धारण अधिकारी, कर अधीक्षक, कर एवं राजस्व निरीक्षक, लिपिक, कैश काउंटर, सफाई एवं स्वास्थ्य विभाग से जोनल सेनेटरी ऑफिसर, सफाई निरीक्षक, सफाई नायक, लिपिक, जन्म-मृत्यु पंजीयन स्टाफ, सफाईकर्मी, निर्माण विभाग से अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर, लिपिक, स्ट्रीट लाइट से अवर अभियंता, लाइनमैन, ईईएसएल का स्टाफ, जलकल विभाग से अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, वबाग कंपनी का स्टाफ रहेगा।
जोन कार्यालयों में मिल सकेंगी सुविधाएं
नगर आयुक्त निखिल टी. फुंडे ने कहा कि चारों जोनल ऑफिसों को व्यवस्थित किया है ताकि लोगों को दूर न आना पड़े। नगर निगम सीमा विस्तार के कारण दूर दराज के लोगों को जोन कार्यालयों से सुविधाएं मिल सकेंगी। निर्माण कार्य के लिए वित्तीय अधिकार भी जोनल अधिकारियों के पास होंगे।