मथुरा: राधारानी के जन्मोत्सव पर दीपों से जगमगा उठा श्रीकृष्ण जन्मस्थान, भव्यता से मनाई राधाष्टमी
श्रीकृष्ण जन्मस्थान और द्वारकाधीश मंदिर में मंगलवार को राधाष्टमी का पर्व मनाया गया। दर्शन के लिए भक्तों की मंदिरों में भीड़ लगी रही। बधाई गायन हुआ। इस खास अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान की भव्यता देखते ही बन रही थी। तीर्थस्थल घोषित होने की खुशी में जन्मस्थान दीपों से जगमगा उठा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा में मंगलवार को राधाष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर राधारानी का जन्मोत्सव विधिविधान पूर्वक मनाया गया। संस्थान के सचिव कपिल शर्मा और सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने अभिषेक किया। प्रख्यात गायिका कीर्ति किशोरी ने बधाई गायन किया। इस खुशी के मौके पर भक्तों को खिलौने आदि उपहार लुटाए गए।
इस मौके को खास बनाने के लिए पहली बार राधाष्टमी पर जन्मस्थान को दीपों से रोशन किया गया। संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली को तीर्थस्थल घोषित करने पर जन्मस्थान को राधाष्टमी पर दीपमालाओं से सजाया गया है। इसकी भव्यता देखते ही बन रही थी। जगह-जगह सीएम योगी का आभार जताने के लिए होर्डिंग लगाए गए।
इधर, पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के मंदिर ठाकुर श्रीद्वारकाधीश में प्रात:काल ठाकुरजी का अभिषेक हुआ। दूध, दही, घी, बुरा और शहद से अभिषेक किया गया। मंदिर अधिकारी लक्ष्मण पाठक, मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि प्रात:काल से ही मंदिर में राधाजी के जन्म की बधाई का दौर शुरू हो गया था। ठाकुरजी के आठों झांकियों में भव्य शृंगार किया गया। तीर्थयात्रियों ने ठाकुर जी के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
प्राचीन केशवदेव मंदिर में बधाई लुटाई
प्राचीन ठाकुर केशवदेव मंदिर में राधा जन्म उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। अभिषेक के साथ धूमधाम के साथ बधाई गीत गाए गए। इस दौरान दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। मंगलवार को प्रात:काल राधारानी का 101 मेवा युक्त दूध, दही, शहद, घी, बुरा आदि से सेवायत शंकर लाल गोस्वामी द्वारा मंत्र उच्चारण के बीच पंचामृत अभिषेक हुआ। ठाकुरजी के साथ राधारानी की आरती की गई।
खुशी के इस पल पर भक्तों को हलवा प्रसाद वितरण किया। इस दौरान लाडली के जन्म की खुशी में बधाई गायन किया गया। इससे पूर्व कृष्ण गोपाल द्वारा गणेश वंदना राधाअष्टक में बधाई गायन किया। श्रीकृष्ण सामूहिक संकीर्तन मंडल के सदस्यों के साथ महिला भक्तों ने भी बधाई गाई। राधारानी जन्म के उपलक्ष्य में बधाई लुटाई गई।
महावन में भगवान श्रीकृष्ण की अल्हादिनी शक्ति राधारानी का जन्मोत्सव धूमधाम से गांव रावल में मनाया गया। पूरे गांव में खुशी का जश्न रहा। आसपास के गांवों से भारी संख्या में भक्त राधारानी के दर्शनों को पहुंचे। इस दौरान रानी कीरति के घर रावल में बजी री बधाई आदि बधाई गायन हुआ।