कोरोना टीकाकरण में आगरा पिछड़ा, मंडल में मथुरा रहा अव्वल, मैनपुरी का दूसरा स्थान
मैनपुरी ने द्वितीय चरण के कोरोना टीकाकरण में मंडल में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। आगरा मंडल में मथुरा 89.49 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम तथा प्रदेश में पांचवें और मैनपुरी 77.89 प्रतिशत अंकों के साथ मंडल में दूसरे और प्रदेश में 14वें स्थान पर रहा है। आगरा 51.65 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में 68वें और मंडल में तीसरे और फिरोजाबाद 45.86 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में 72वें स्थान और मंडल में चौथे स्थान पर रहा।
22 जनवरी को हुए दूसरे चरण के कोरोना टीकाकरण में मैनपुरी ने प्रदेश में 14वां स्थान हासिल किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बधाई देते हुए अगले चरण में स्थिति को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को सीएमओ ने अधीनस्थों के साथ अपने कार्यालय में बैठक भी की।
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने शनिवार को अपने कार्यालय में 22 जनवरी को हुए टीकाकरण की समीक्षा की। सीएमओ ने अधीनस्थों को बताया कि उन सभी के प्रयास से जिले ने उत्तर प्रदेश में 77.89 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए 14वां स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने इसके लिए जिले के सभी स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि 28 और 29 जनवरी को आयोजित होने वाले टीकाकरण में जिले की स्थिति को और बेहतर बनाया जाए। इसके लिए सभी नोडल अधिकारी अभी से तैयारियों में जुट जाएं।
बरनाहल ब्लॉक रहा पहले स्थान पर
समीक्षा बैठक में सीएमओ ने बताया कि जिले में बरनाहल विकासखंड ने 91 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। किशनी 91 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे, घिरोर 85 प्रतिशत के साथ तीसरे, करहल 81.7 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे, मैनपुरी शहर 74.4 प्रतिशत अंकों के साथ पांचवें, जागीर 71 प्रतिशत अंकों के साथ छठवें और 61.4 प्रतिशत अंकों के साथ कुचेला सातवें स्थान पर रहा।
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने बताया कि द्वितीय चरण के टीकाकरण में मैनपुरी ने प्रदेश में 14वां स्थान पाया है। अगले चरण में और बेहतर स्थान पाने का प्रयास किया जाएगा।