कोसीकलां (मथुरा)। प्रदेश के दुग्ध विकास, पशुधन एवं मत्स्य मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण शनिवार की शाम को नवनिर्वाचित प्रधानों से रूबरू हुए। उन्होंने संवाद के माध्यम से प्रधानों से अपने गांव को कोरोना मुक्त बनाने की अपील की।
संवाद के दौरान मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने प्रधानों को बताया कि वे ग्राम की आशा वर्कर के माध्यम से इस बात की जानकारी करते रहें कि उनके गांव में कोई बुखार या कोरोना के लक्षण वाला व्यक्ति तो नहीं है। यदि कोई ऐसा व्यक्ति है तो उसे दवा की किट दें और उनके बारे में जानकारी तुरंत कंट्रोल सेंटर में दें। कहा कि वह अपने गांव में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का प्रयोग सुनिश्चित करें।
कैबिनेट मंत्री ने ग्राम प्रधानों को कोरोना से बचाव के लिए होने वाले उपायों की जानकारी दी। प्रधानों ने अधिकारियों से ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर खरीदने, कोरोना दवा की किट की पर्याप्त उपलब्धता गांव में कराने की बात कही। इस मौके पर भाजपा जिलामंत्री नरदेव चौधरी, होती चौधरी, बॉबी बौहरे, दुष्यंत सिंह, कमल प्रधान, राजवीर सिंह आदि थे।