कासगंज: संपत्ति के लिए भाई ने ली भाई की जान, ढाई साल बाद खुला हत्या का राज
ढाई साल पहले सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव नाथपुर में अजय पुत्र अनूप सिंह की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी। मंगलवार को इस हत्याकांड का खुलासा हुआ तो हर कोई हैरान रह गया। कातिल कोई और नहीं बल्कि मृतक का भाई निकला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कासगंज जिले के थाना सिढ़पुरा क्षेत्र में ढाई साल पहले गांव नाथपुर में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक का सगा भाई ही हत्यारा निकला। संपत्ति बंटवारे में पिता के व्यवहार से आहत होकर उसने भाई की चाकू से गला रेतकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
एसपी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि अप्रैल 2019 में सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव नाथपुर में अजय पुत्र अनूप सिंह की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी। इस घटना के खुलासे में पुलिस की टीमें लगाई गईं। सिढ़पुरा थाना प्रभारी विनोद कुमार इस मामले के खुलासे में जुटे हुए थे।
प्रकाश में आया कि अजय की हत्या उसके भाई विजय ने की है। उसे पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया। तब खुलासा हुआ कि मृतक अजय बहुत ही सीधा व्यक्ति था। उसकी गांव में किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मृतक का छोटा भाई विजय आपराधिक प्रवृत्ति का है। जो कई साल तक जेल में रहा है और नशे का आदी है।
बड़े भाई को दे दी थी ज्यादा जमीन
मृतक के पिता के अनूप सिंह सेवानिवृत्त सैनिक हैं। जिन्हें पेंशन मिलती है। अनूप सिंह अजय के परिवार पर अधिक ध्यान देते थे और जमीन के बंटवारे में अजय को अधिक हिस्सा दे दिया था और विजय को कम हिस्सा दिया। इसी को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद था।
हत्या से कुछ दिनों पहले विजय ने अपने भाई अजय और भतीजे हेमवीर पर जान से मारने की नियत से फायर किया था। परिवार का मामला होने के कारण समझौता हो गया, लेकिन विजय अंदर ही अंदर दुश्मनी मानने लगा। इसी के चलते उसने गला रेतकर अजय की हत्या कर दी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिता के व्यवहार से वह आहत हो गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही से नाथपुर भुजपुरा के बीच जाने वाले रास्ते पर बरगद के पेड़ के पास बनी कोठरी से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। पूछताछ के बाद हत्यारोपी को जेल भेज दिया गया है।