फर्जी कैंप लगाकर लोगों से भरवा रहा था सरकारी योजनाओं के फॉर्म, जालसाज गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में प्रधानमंत्री आवास और स्वनिधि योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जी फॉर्म भरवा रहे व्यक्ति को भीम नगर के क्षेत्रीय पार्षद ने शुक्रवार को गिरफ्तार करा दिया। मलिन बस्ती में वह लोगों से फर्जी नाम वाली कई योजनाओं के फॉर्म दो सौ रुपये लेकर भर रहा था।
क्षेत्रीय पार्षद ने उससे पूछा तो नगर निगम कर्मचारी बताकर रौब झाड़ने लगा। पहचान पत्र न मिलने और किसी भी अधिकारी से बात न कराने पर पार्षद ने पुलिस बुला ली जिसके बाद उसे थाना जगदीशपुरा ले जाया गया। पार्षद में इस मामले में तहरीर दी है।
जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वनिधि योजना समेत कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। मलिन बस्तियों में योजनाओं के नाम पर लोगों से फर्जी फॉर्म भरवा कर 200 रुपये तक की वसूली की जा रही है। ऐसा ही एक मामला भीम नगर में तब सामने आया जब क्षेत्रीय लोगों ने पार्षद से अपने फॉर्म भरवाने के लिए कहा।
डूडा ने ऐसा कोई कैंप नहीं लगाया
पार्षद ने जानकारी की तो पता चला कि डूडा ने ऐसा कोई कैंप लगाया ही नहीं है। पार्षद अर्पित सारस्वत जब कैंप में पहुंचे तो वह सरकारी योजनाओं के फॉर्म 200 रुपये लेकर भर रहा था। वह खुद को नगर निगम का अधिकारी बता रहा था। ऐसे में थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पार्षद अर्पित सारस्वत ने कहा कि जिन बस्तियों में अशिक्षित लोग हैं और सरकारी योजनाओं का फायदा लेना चाहते हैं। इस तरह के फर्जी कैंप लगाकर वसूली की शिकायतें आ रही हैं। मेरी लोगों से भी अपील है कि ऐसी कोई भी सूचना मिले तो पार्षदों को जरूर सूचित करें।
मेयर नवीन जैन ने कहा कि डूडा और सूडा के अधिकारी सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार नहीं कर रहे हैं। इसीलिए इस तरह के फर्जी कैंप लगाकर लोग अवैध वसूली में जुटे हैं। मैं मुख्यमंत्री से डूडा के अधिकारियों की शिकायत करूंगा। उनकी कार्यप्रणाली के कारण लोग फर्जी आवेदन के जाल में फंस रहे हैं।
डूडा के परियोजना निदेशक संजय पथरिया ने कहा कि इस कैंप की मुझे कोई जानकारी नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना में फर्जी काम करने वालों के खिलाफ हमने 8 मुकदमे दर्ज कराए हैं। इस मामले में मेरी अपील है कि लोग ऑफिस आकर ही फॉर्म भरें। किसी के झांसे में ना आएं।