Agra: भतीजे को फंसाने के लिए रची साजिश में खुद फंस गया चाचा, पुलिस ने भेजा जेल
आगरा में एक व्यक्ति ने अपने भतीजे को फंसाने के लिए साजिश रची थी। तमंचा दिखाकर पुलिस से शिकायत कर दी। मगर, पुलिस ने जांच की तो मामला खुल गया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी चाचा को जेल भेज दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के शाहगंज क्षेत्र के सराय ख्वाजा में पारिवारिक विवाद में भतीजे को फंसाने के लिए चाचा ने साजिश की। वह उसे तमंचे और कारतूस में जेल भेजना चाहता था। इसके लिए भतीजे के घर आने पर पुलिस को झूठी सूचना दे दी। पुलिस को तमंचा और कारतूस थमाया। पुलिस ने गली में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे। इसमें पता चल गया कि चाचा अपने घर से तमंचा लाया था। इसके बाद आरोप भतीजे पर लगा रहा था। पुलिस ने चाचा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शाहगंज के सराय ख्वाजा निवासी मिस्टर कुरैशी ने मंगलवार रात पुलिस को सूचना दी। बताया कि कागारौल का रहने वाला मुजम्मिल घर पर तमंचा लेकर आया और धमका रहा था। इस पर उसे पकड़ लिया। पुलिस पहुंची तो मिस्टर कुरैशी ने एक तमंचा और कारतूस दिया। कहा कि यह मुजम्मिल का है। मुजम्मिल इससे इंकार कर रहा था। उसका कहना था कि चाचा ने फंसाने के लिए यह ड्रामा किया है।
थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही के मुताबिक, मुजम्मिल का कहना था कि मां का पिता शाकिर से विवाद चल रहा है। न्यायालय में मामला है। वह मां के साथ ननिहाल में रहता है। न्यायालय ने पिता से 3.78 लाख रुपये का हर्जा खर्चा तय किया है। मगर, वो दे नहीं रहे थे। इस पर कोर्ट ने रिकवरी निकाली है। वह पुलिस को पिता के घर में होने के बारे में जानकारी देना चाहता था, जिससे कुर्की की कार्रवाई की जा सके। इसलिए पहले पिता को देखने आया था। तभी चाचा ने पकड़ लिया। उन पर तमंचा लेकर आने का आरोप लगा दिया।
सीसीटीवी कैमरे से खुला राज
पुलिस की पूछताछ में मुजम्मिल ने बताया कि चाचा मिस्टर कुरैशी का घर पिता के घर के पास ही है। जिस गली में वो रहते हैं, वहां पर कैमरे लगे हुए थे। पुलिस ने कैमरों के फुटेज चेक किए। इसमें पता चला कि मुजम्मिल से मिलने के बाद मिस्टर कुरैशी अपने घर की तरफ गया था और कुछ ही सेकंड में लौट आया था। फुटेज में उसकी बांह में कुछ छिपा हुआ नजर आया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो सच सामने आ गया।
भाई-भाभी के विवाद से परेशान
मिस्टर कुरैशी ने पुलिस को बताया कि वह भाई-भाभी में चल रहे विवाद से परेशान है। भतीजा मुजम्मिल आए दिन घर पर चक्कर लगाता रहता है। इस कारण उसे सबक सिखाने के लिए तमंचे ले आया। तमंचे के बारे में बताया कि वह रेलवे लाइन के पास से एक युवक से खरीदकर लाया था। पुलिस ने अपनी ओर से आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को जेल भेजा गया।