ब्रज रजोत्सव: मथुरा में यमुना के विश्राम घाट पर आकर्षित करेगा लेजर शो, ये होंगे प्रमुख कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद मथुरा में यमुना के विश्राम घाट पर लेजर शो का प्रदर्शन करने जा रहा है। यह शो 10 नवंबर से शुरू हो रहे ब्रज रजोत्सव के दौरान देखने को मिलेगा। इसके लिए शुक्रवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने विश्राम घाट का निरीक्षण किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ब्रज तीर्थ विकास परिषद इस बार 10 दिवसीय ब्रज रजोत्सव का आयोजन मथुरा सहित जनपद भर के तीर्थ स्थलों पर करने जा रहा है। इसमें मुख्य आयोजन वृंदावन स्थित कुंभ क्षेत्र में होंगे। इसी प्रक्रिया में लेजर शो यमुना के विश्राम घाट पर कराए जाने का फैसला किया गया है। यह शो 10 से 19 नवंबर तक होगा।
इसके लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा और विकास प्राधिकरण के ओएसडी क्रांतिशेखर सिंह ने विश्राम घाट का निरीक्षण किया। यहां लेजर शो की आवश्यकताओं को देखा। परिषद के डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा ने बताया कि लेजर शो की थीम धार्मिक है। जिनका अलग-अलग प्रदर्शन अलग-अलग दिन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने ली बैठक
ब्रज रजोत्सव की तैयारियों के संबंध में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, नगर निगम, सूचना विभाग, विद्युत विभाग आदि विभागों के अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने वृंदावन में बैठक की। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता अनुसार तारों की व्यवस्था की जाए और पूरे क्षेत्र में लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसी क्रम में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुना का जल स्तर बढ़ाया जाए और घाट को सुंदर एवं आकर्षक बनाया जाए। जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देश दिए कि पूरे स्थल में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और लगातार फॉगिंग एवं एंटी लार्वा का छिड़काव करते रहे।
ब्रज रजोत्सव में होंगे ये कार्यक्रम
10 नवंबर को संगीत एवं नृत्य - सुरेखा एवं प्रेम भाटिया (मुम्बई) अर्चना शर्मा ग्रुप, (मुम्बई)
11 नवंबर को सर्कस-रेम्बो सर्कस ग्रुप
12 नवंबर को कत्थक एवं भजन संध्या-सदानन्द विश्वास ग्रुप एवं विपिन सचदेवा
13 नवंबर को भजन संध्या-अनूप जलोटा
14 नवंबर को संगीत एवं भजन-सुरेश वाडेकर (बॉलीवुड)
15 नवंबर को महाभारत नाटिका-पुनीत इस्सर एवं बॉलीवुड कलाकार
16 नवंबर को संगीत एवं भजन-कैलाश खेर (बॉलीवुड)
17 नवंबर को भजन-अंकित बतरा
18 नवंबर को सांस्कृतिक अंताक्षरी-अन्नू कपूर (बॉलीवुड)
19 नवंबर को संगीत एवं भजन-प्रिया मलिक (बॉलीवुड), त्रिचूर ब्रदर्स