उत्तराखंड: सीएम योगी आदित्यनाथ की मां का निधन, लंबे समय से थीं बीमार, पैतृक गांव में ली अंतिम सांस
त्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार में शोक की खबर है। उत्तराखंड स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में सावित्री देवी ने अंतिम सांस ली। उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां हरिद्वार में की जाएंगी। इस साल मई में गांव के दौरे के दौरान योगी ने मां से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का आज 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने शुक्रवार सुबह 11 बजे पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक है। जानकारी के अनुसार, कल शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। वह अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर 7 मई को पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिजनों से मुलाकात की। 8 मई को कार्यक्रमों के बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था।
ये भी पढे़ं...हरिद्वार: शहर की सहन क्षमता हुई आधे से भी कम, पर्वत मंथन कॉन्क्लेव में जारी की गई रिपोर्ट, बिगाड़ा संतुलन
सीएम योगी का अपने पैतृक गांव और परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है। हालांकि, संन्यास लेने के बाद उनकी पारिवारिक मुलाकातें सीमित रही हैं। इस साल मई में मां से हुई यह मुलाकात उनकी आखिरी मुलाकात बन गई।
