आगरा। वृंदावन क्रिकेट अकादमी (वीसीए) के मैदान पर खेले गए रोमांचक टी-20 मुकाबले में आगरा के लक्ष्य सिंह राठौर ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मुकाबले को एकतरफा बना दिया। इंडिया अंडर-19 टीम के गेंदबाज और इमर्जिंग मेन्स टूर्नामेंट के लिए चयनित चेतन शर्मा समेत वीसीए सीनियर्स के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार करते हुए लक्ष्य ने मात्र 35 गेंदों में 76 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर विनायक रॉयल्स ने वीसीए सीनियर्स को 31 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विनायक रॉयल्स को लक्ष्य सिंह राठौर ने तेज और दमदार शुरुआत दिलाई। इंडिया अंडर-19 टीम के तेज गेंदबाज और इमर्जिंग मेन्स टूर्नामेंट के लिए चयनित चेतन शर्मा के खिलाफ लक्ष्य ने बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए कई शानदार चौके-छक्के लगाए। उनकी 35 गेंदों में 76 रन की पारी में 9 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। लक्ष्य के अलावा दीपांशु अत्री ने 37 रन की उपयोगी पारी खेली। कप्तान मयंक तिवारी ने 30 रन का योगदान दिया। विनायक रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। 208 रन का पीछा करने उतरी वीसीए सीनियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती 10 रन के भीतर तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए, जिससे वह पूरे मुकाबले में दबाव में रही। हालांकि इसके बाद प्रशांत ने 27 गेंदों में 40 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर संघर्ष करने का प्रयास किया। वी. भारद्वाज ने 30 रन और राहुल सिंह ने 32 रन बनाए, लेकिन बढ़ते रनरेट और नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों के कारण टीम जीत की दौड़ में पीछे रह गई। अंततः पूरी टीम 19.3 ओवर में 176 रन पर सिमट गई और विनायक रॉयल्स ने मुकाबला 31 रन से अपने नाम कर लिया। विनायक रॉयल्स की जीत में दीपांशु अत्री ने चार ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट झटके। जीतू कश्यप ने दो विकेट हासिल किए, जबकि देव राज, तनिष्क राजपूत और लक्ष्य सिंह राठौर को एक-एक सफलता मिली।