Agra: इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन-9 की फाइनलिस्ट प्रियंका गुप्ता समेत दो की मौत, भरतपुर से आगरा लौट रहे थे दोनों
प्रियंका गुप्ता सोनी टीवी के शो इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन 9 के फाइनलिस्ट ग्रुप क्रेजी हापर्स की सदस्य थीं। प्रियंका ने हाल ही में याला एंटरटेनमेंट नाम से इवेंट कंपनी शुरू की थी। हादसे में उनकी जान चली गई।
विस्तार
राजस्थान के भरतपुर में शुक्रवार को हुए हादसे में टीवी रियलिटी शो इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन 9 की फाइनलिस्ट आगरा की प्रियंका गुप्ता और उनके सहयोगी फोटोग्राफर शांतनु चक्रवर्ती की मौत हो गई। दोनों रणथंभौर से कार्यक्रम कर लौट रहे थे। भरतपुर के हलैना में टोल पर पीछे से आते ट्रॉला ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे कार आगे खड़े वाहन में फंस गई।
मूलरूप से नाई की मंडी के रहने वाले भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता बैंक कॉलोनी में रहते हैं। वह व्यापार प्रकोष्ठ में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं। उनका चांदी का व्यवसाय है। उनकी बेटी प्रियंका गुप्ता इवेंट प्लानर थीं। वह सोनी टीवी के शो इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन 9 के फाइनलिस्ट ग्रुप क्रेजी हापर्स की सदस्य थीं। प्रियंका ने हाल ही में याला एंटरटेनमेंट नाम से इवेंट कंपनी शुरू की थी।
शांतनु का था फोटोग्राफी का व्यवसाय
वहीं बलकेश्वर स्थित दुर्गा पार्क के पास रहने वाले शांतनु का संजय प्लेस में फोटोग्राफी का व्यवसाय है। वह कैटरिंग का भी काम कर आते थे। परिजन ने बताया राजस्थान के रणथंभौर में दोनों को इवेंट में शामिल होना था। गुरुवार को कार्यक्रम के बाद शुक्रवार सुबह शांतनु और प्रियंका कार से आगरा वापस आ रहे थे। तभी उनका कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।