Agra: बाइक से पत्नी और मासूम बेटी को रात में घुमाने के लिए निकले पति ने कर दिया बड़ा कांड, दर्ज हुआ मुकदमा
घर से घूमने के लिए निकली विवाहिता को पति के इरादों की भनक नहीं थी। मासूम बेटी के साथ पति के साथ निकल तो आई, लेकिन एक सूनसान स्थान पर जब पति ने बाइक अचानक रोक दी, तो हैरान रह गई। इसके बाद पति ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया और बेटी को लेकर भाग निकला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बाइक से घुमाने के बहाने लेकर आए पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने उसे झरना नाले में फेंक दिया और मौके से तीन वर्षीय बेटी को लेकर फरार हो गया। घायल महिला को जब खून से लथपथ तड़पते हुए राहगीरों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही उसके परिजनों को भी सूचना दी। घायल महिला के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पांच साल पहले हुई थी शादी
पीड़िता के भाई प्रेम सिंह निवासी मंडी समिति एत्माद्दौला ने थाने में तहरीर दी है। उसने बताया कि बहन आशा उर्फ रूबी की शादी पांच वर्ष पूर्व विकास निवासी कोलक्खा थाना ताजगंज के साथ हुई थी। आशा दो वर्षों से पति के साथ एत्माद्दौला के महावीर नगर में रह रही थी। विकास प्राइवेट नौकरी करता है। आरोप है कि वह शराब पीकर आए दिन आशा की पिटाई करता है। बुधवार की रात विकास पत्नी आशा और तीन वर्षीय बेटी एलेंज को बाइक से घुमाने के बहाने झरना नाले पर पहुंचा।
पत्नी पर बोला हमला
यहां झरना नाले के पास हाईवे पर बाइक रोककर पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल होने के बाद पत्नी को झरना नाले में फेंक दिया और बेटी को लेकर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को नाले से निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
दर्ज हुआ मुकदमा
थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान ने बताया कि पीड़ित महिला के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पति की तलाश की जा रही है।