आगरा: प्रश्नपत्र मिलते ही फूटकर रोने लगी छात्रा, याद आए मम्मी-पापा, कोरोना ने ली थी जान
कोरोना की दूसरी लहर में अपने माता, पिता, भाई, बहन को खोने वाले छात्र-छात्राएं तनावग्रस्त हैं। जिंदगी इतनी कड़ी परीक्षा ले रही है कि उन्हें समझ में नहीं आ रहे कि वह विश्वविद्यालय की परीक्षा कैसे दें। छात्र-छात्राएं काउंसलर से सलाह का रुख ले रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के दाऊदयाल व्यावसायिक शिक्षण संस्थान में बीकॉम पंचम सेमेस्टर की परीक्षा देने पहुंची छात्रा परीक्षा कक्ष में बैठते ही रोने लगी। कक्ष निरीक्षक घबरा गए। कारण पूछने पर छात्रा ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर में उसने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया है।
उसका मन बहुत विचलित है। बार-बार आंखों में माता-पिता की तस्वीर आती रहती है। किसी काम में उसका मन नहीं लगता। कक्ष निरीक्षकों ने उसे सांत्वना दी और उसे परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। उसे अलग कक्ष में कूलर के सामने बैठाया गया। इसके बाद छात्रा ने परीक्षा दी।
रात में नींद नहीं आती है, रोना आता है
सेंट जोंस कॉलेज की स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा ने कॉलेज में मनोविज्ञान विभाग की काउंसलर को फोन करके बताया कि वह रातभर सो नहीं पा रही है। रात-दिन बस रोना आता है। परीक्षा की तैयारी में मन नहीं लग रहा है। छात्रा की मां की मौत वर्ष 2013 में हो गई थी। कोरोना की दूसरी लहर में पिता की मौत हो गई।
छात्रा को लगता है कि पिता को समय से सही उपचार मिला होता तो वह शायद बच जाते। छात्रा के पिता कोरोना संक्रमित थे, आगरा में ऑक्सीजन की उपलब्धता न होने से उन्हें अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। छात्रा इस सदमे से अभी तक बाहर नहीं आ पा रही है।
घर में अकेला बचा, अब आर्थिक संकट भी
सेंट जोंस कॉलेज स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र ने काउंसलर को फोन करके बताया कि उसके पिता की तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी है। कोरोना की दूसरी लहर में पहले मां और फिर भाई की मौत हो गई। अब वह परिवार में अकेला बचा है। बेहद तनाव में है।
उसे आर्थिक संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सामने मुख्य परीक्षा भी है। पढ़ने बैठता है तो मन नहीं लगता। मन में निराशा का भाव आता है। उसे ठीक से नींद नहीं आ रही है। ऐसे में खुद को संभालना उसके लिए मुश्किल भरा हो रहा है।
पसंदीदा कामों में मन लगाने के लिए प्रेरित किया
सेंट जोंस कॉलेज की मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. वंदना पाटंकर ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर में मौत के आंकड़ों को देखते हुए कॉलेज की ओर से हेल्प लाइन नंबर छात्र-छात्राओं के लिए जारी किया गया। आठ छात्र-छात्राएं ऐसे सामने आए, जिन्होंने कोरोना की दूसरी लहर में अपने माता-पिता या फिर घर के किसी और सदस्य को खोया है। अब वह तनाव में हैं।
इनको समझाया गया कि यह आपदा का समय है, किसी के साथ भी ऐसा हो सकता है। उनका परेशान होना या तनावग्रस्त होना स्वाभाविक भी है। इससे बाहर निकलने के लिए रुचिकर कामों में मन लगाने के लिए प्रेरित किया।
विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका मसीह ने छात्रों से कहा गया कि वह सुबह के समय बाहर निकल टहलें जरूर। योग, ध्यान और व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्हें कोई परेशानी हो तो संपर्क जरूर करें। दोस्तों, परिवार के सदस्यों और अपनी नजदीकी लोगों के साथ अपनी भावनाएं जरूर साझा करें।