धोखाधड़ी: मछली पालन के नाम पर किसान के 5.50 लाख रुपये हड़पे, पीड़ित ने दर्ज कराया मुकदमा
जालसाजों ने मछली पालन के नाम पर हाथरस के किसान को जाल में फंसाया। फिर उससे साढ़े पांच लाख रुपये से ठग किया। पीड़ित ने थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज कराया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाथरस के किसान से मछली पालन के नाम पर 5.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। आरोप है कि किसान से निवेश करने पर तालाब खुदवाया। 80 हजार रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया। मगर, रकम लेने के बाद ऐसा कुछ नहीं किया। अब रकम मांगने पर धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने आगरा के थाना सिकंदरा में कंपनी के अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
हाथरस निवासी प्रकाश चंद कुशवाहा किसान हैं। उन्होंने एसएसपी से शिकायत की। इसमें कहा जनवरी 2021 में आरोपी मोहित शर्मा से उनकी मुलाकात हुई थी। उसने बताया कि आगरा की कंपनी मछली पालन कराती है। इसके लिए हर महीने पैसा दिया जाता है। कंपनी का ऑफिस गुरुद्वारा गुरु का ताल पर है।
ऐसे दिया झांसा
कंपनी के अधिकारी और कर्मचारियों ने बताया कि आपकी जमीन पर तालाब खुदवाया जाएगा। इसमें मछली पालन कंपनी कराएगी। सरकारी योजना के तहत हर महीने 80 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। 15 महीने तक रकम अदा की जाएगी। कंपनी में सदस्य बनने के लिए 5.60 लाख रुपये का निवेश बताया। इस रकम की वापसी की गारंटी दी।
मार्च 2021 में कंपनी में 5.60 लाख रुपये का निवेश करने पर तीन बीघा जमीन पर तालाब खुदवा दिया गया। इसका खर्च भी नहीं दिया। इसके बाद 1.10 लाख रुपये ही वापस किए। 80 हजार रुपये प्रतिमाह का भी भुगतान नहीं किया। बाद में पीड़ित को पता चला कि इस तरह कई और किसानों से ठगी की गई है। जनवरी में कंपनी के एमडी शरीफ खान से रकम की मांग की। मगर, उन्होंने गालीगलौज की। जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही का कहना है कि हाथरस निवासी मोहित शर्मा, संवाई माधोपुर (राजस्थान) निवासी शरीफ खान एमडी, सलमान खान, नवीन अहमद, रिंकू राजावत, टूंडला निवासी मनोज धाकरे सीईओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए हैं।
पहले भी आ चुका है मामला
शहर में यह पहला मामला नहीं है, जब मछली पालन के नाम पर किसी को ठगा गया। पूर्व में थाना सदर में मुकदमा दर्ज हुआ था। एक कंपनी ने लोगों से रकम जमा कराने के बाद धोखाधड़ी की थी। इस मामले में पुलिस जांच कर रही थी।