Firozabad fire: इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में लगी आग, मची अफरा-तफरी; तार से निकली चिंगारी ने मचाई तबाही
11हजार के तार से निकली चिंगारी से आग लग गई। तीसरी मंजिल में रखे गत्ते ने आग पकड़ ली, जिससे दूसरी मंजिल में रखा सामान भी जल उठा।
विस्तार
कटरा बाजार रोड पर पक्का तालाब के पास विनय माधव की इलेक्ट्राॅनिक्स की माधव रेडियोज के नाम से दुकान है। रविवार दोपहर ढाई बजे के करीब दुकान के सामने से होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तारों में फाल्ट हुआ। इससे दुकान में लगे परदे ने आग पकड़ और दुकान आग की लपटों में घिर गई। आग से वहां रखा लाखों का सामान जल गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
दुकान का कबाड़ और खाली गत्ते रखे थे
विनय माधव ने बताया कि उन्होंने सुबह दुकान खोली। दुकान तीन मंजिला है। तीसरी मंजिल पर दुकान का कबाड़ और खाली गत्ते रखे हैं। कुछ इलेक्ट्राॅनिक्स का सामान भी है। दोपहर ढाई बजे के करीब दुकान के सहारे से होकर जा रही 11 हजार की लाइन के तार में फॉल्ट हुा। तारों से निकली चिंगारी ने दुकान में लगे परदे ने आग पकड़ ली। जिसके बाद तीसरी मंजिल पर रखे गत्ते में आग लग गई।
देखते ही देखते गत्ते में आग की लपटें तीसरी मंजिल से निकलने लगीं। इलेक्ट्रानिक्स की दुकान से आग की लपटें देख क्षेत्र के दुकानदारों में खलबली मच गई। कई लोगों ने दुकान बंद कर दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन आग नहीं बुझ सकी। इसके बाद सिरसागंज, जसराना और फिरोजाबाद से भी दमकलें पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकान स्वामी ने बताया कि आग से उनका लाखों रुपये का सामान जल कर बर्बाद हो गया है।
एक घंटे तक बाजार में रही दहशत
इलेक्ट्राॅनिक्स की दुकान में आग लगने से पक्का तालाब मार्केट में एक घंटे तक खलबली रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी अन्य क्षति से बचने के लिए पक्का तालाब को जाने वाले मार्ग को रोक दिया। आग की सूचना सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हो गए। कुछ लोगों ने प्रथम तल पर रखे सामान को निकालकर बचा लिया।
दमकल कर्मचारियों ने काटा जंगला
तीसरी मंजिल और दूसरी मंजिल में लगी आग को बुझाने के लिए कोई रास्ता नहीं था। क्योंकि दूसरी मंजिल के जीने में भी आग आ गई थी। इस पर फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने बाहर सामान की सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की जाली को काटा और उसके बाद अंदर प्रवेश किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंचे
आग की सूचना पर सीओ देवेंद्र प्रताप, प्रभारी निरीक्षक अपराध रमेश चंद्र, नायब तहसीलदार अवनीश कुमार के अलावा फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के अलावा समाज सेवी राजीव गुप्ता, सपा नेता अब्दुल वाहिद, व्यापारी नेता राजेश गुप्ता, मुकेश गौड, योगेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी नेता और राजनेता मौके पर पहुंच गये। व्यापारियों ने आग से हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन से व्यापारी को मदद दिलाने की मांग की है।