आगरा: अपार्टमेंट के भूतल पर डेयरी व्यवसायी के फ्लैट में लगी आग, शार्ट-सर्किट से हादसे की आशंका
आगरा के बलकेश्वर स्थित सखी अपार्टमेंट के भूतल पर एक फ्लैट में रविवार शाम को 6:00 बजे आग लग गई। फ्लैट डेयरी व्यवसाई राजकुमार अग्रवाल का है। वह परिवार सहित दुकान पर बैठे हुए थे। फ्लैट पर ताला लगा हुआ था।
विस्तार
आगरा के बल्केश्वर स्थित तीन मंजिला सखी अपार्टमेंट में भूतल पर डेयरी व्यवसायी राजकुमार अग्रवाल के फ्लैट में रविवार शाम को छह बजे आग लग गई। लोगों ने फ्लैट का दरवाजा खोलकर आग बुझाने के प्रयास किए। लोगों का आरोप है कि सूचना के आधा घंटे बाद दमकल पहुंची। तब तक आग बुझा ली गई। शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका है।
सखी अपार्टमेंट में सात फ्लैट हैं। इनमें सात परिवार रहते हैं। राजकुमार अग्रवाल की दो डेयरी हैं। उनका फ्लैट भूतल पर है। रविवार को वह परिवार सहित अपनी डेयरी पर गए थे। फ्लैट में ताला लगा था। शाम को उनके फ्लैट से अन्य लोगों ने धुआं निकलता देखा। यह देखकर अन्य फ्लैट में रह रहे लोग बाहर निकल आए।
आधे घंटे बाद पहुंची दमकल की गाड़ी
राजकुमार अग्रवाल को भी सूचना दी। वह पहुंच गए। मगर, वह दुकान पर ही चाबी भूल आए थे। इस पर लोगों ने सब्बल और सरिया से दरवाजे को तोड़ा। इसके बाद आग बुझाने के प्रयास किए। आग एक कमरे में लगी थी। भाजपा नेता ऋषि अग्रवाल ने पुलिस को और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। उनका कहना है कि दमकल को आने में आधा घंटा लग गया। तब तक लोगों ने खुद ही आग बुझा ली। आग से घर में रखी एलईडी, फ्रिज और बेड जल गया।
थाना कमला नगर के प्रभारी निरीक्षक उत्तम चंद पटेल का कहना है कि फ्लैट के एक कमरे में आग लगी थी। उसे बुझा लिया गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होने की आशंका है। जांच की जा रही है। उधर, सामान जलने से परिवार का रो-रोकर बुराहाल था। लोग उन्हें संभाल रहे थे।
लोग बने मददगार
फ्लैट में आग लगने के बाद बड़ा हादसा हो सकता था। मगर, क्षेत्र के लोगों ने तत्परता दिखाई। ऋषि अग्रवाल, बाबी, मोहित सिंह, विक्की आदि पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा खोला। इसके बाद पानी डाला।, तब कहीं आग बुझ सकी। सिलिंडर में आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।