अजब: फिरोजाबाद में युवक को जिस सांप ने डसा उसे लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन, जानें फिर क्या हुआ
हैरान करने वाला यह मामला सिरसागंज के गांव खेरिया अरांव का है। गांव निवासी युवक को सांप ने डस लिया। उसके परिजनों ने सांप को मार डाला। युवक के साथ वह सांप को भी अस्पताल लेकर गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक अजब मामला सामने आया है। छत पर सो रहे एक युवक को रविवार की रात सांप ने डस लिया। युवक की चीख सुनकर पहुंचे परिजनों ने सांप को देखा तो उसे पीटकर मार डाला। इसके बाद युवक और मरे हुए सांप को लेकर परिजन अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जब उन्होंने मरा सांप देखा तो दंग रह गए। इस दौरान मृत सांप को देखने के लिए अस्पताल में मौजूद लोगों की भीड़ लग गई।
गांव खेरिया की है घटना
थाना सिरसागंज के गांव खेरिया अरांव निवासी आनंद (18) पुत्र सत्यराम रविवार रात छत पर सो रहा था। इसी दौरान एक सांप छत पर आ गया। उसने आनंद को डस लिया। सांप के डसते ही आनंद की चीख निकल गई। जिससे पास ही सो रहे परिवार के अन्य लोग जाग गए। उन्होंने वहां पर सांप देखा तो दहशत में आ गए।
परिजनों ने लाठी-डंडे से पीटकर सांप को मार डाला। इसके बाद परिजन युवक को झाड़-फूंक कराने पहले बायगीरों के पास ले गए। वे अपने साथ पॉलिथीन में रखकर मृत सांप को भी लेकर गए थे। बायगीरों द्वारा मना करने पर परिजन युवक को लेकर अस्पताल आए। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने सांप को देख युवक के बचने की उम्मीद कम बताई।
बेहद जहरीला था सांप- चिकित्सक
चिकित्सक ने कहा कि जिस सांप को यह लोग लेकर आए हैं, वह बहुत ही जहरीला है। इसके डसने से बहुत कम लोग ही बच पाते हैं। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं इमरजेंसी में अल सुबह मौजूद तीमारदार मरे हुए सांप को देखने के लिए एकत्रित हो गए। युवक के साथ सांप लाने की चर्चा अस्पताल में पूरे दिन होती रही।