कासगंज। ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में जिले को पूंजी निवेश का 500 करोड़ रुपये का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। एमएसएमई क्षेत्र में निवेश के लिए निवेशकों को आकर्षित किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन और उद्योग विभाग कवायद करने में जुटा है। जिले में निवेशकों को पूंजी निवेश के लिए आकर्षित करने के लिए एक विशेष उद्यमी सम्मेलन 11 जनवरी को कलेक्ट्रेट में आयोजित होगा। उद्योग विभाग ने इस आयोजन की रणनीति तैयार की है। जिलाधिकारी ने आयोजन को अपनी संस्तुति दे दी है।
उद्योग विभाग के महाप्रबंधक दुष्यंत कुमार उद्यमियों और उद्यमियों के संगठनों से संपर्क करके निवेशकों को पूंजी निवेश के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्हें एमएसएमई नीति, टेक्सटाइल नीति व अन्य विभागों की नीतियों के बारे में जानकारी दी जा रही है। महाप्रबंधक दुष्यंत कुमार ने बताया कि निवेशकों के योजनाओं की जानकारी देने एवं पूंजी निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के लिए सम्मेलन का आयोजन 11 जनवरी को कलक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा। इस सम्मेलन में विभागीय नीतियों, योजनाओं, कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी संगठनों के उद्यमियों को कार्यक्रम में बुलाया जाएगा। जिलेभर के उद्यमी इस सम्मेलन में हिस्सा ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि अभी तक 195 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश के प्रस्ताव उद्यमियों से मिले हैं।