Agra: 3000 करोड़ खर्च फिर भी 2 लाख घरों में नहीं पहुंचा गंगाजल, क्या इन गर्मियों में मिलेगी राहत?
ताजनगरी आगरा में गंगाजल तो आ गया, लेकिन लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। शहर की करीब 10 लाख आबादी तक गंगाजल पहुंचने में दो से तीन साल का समय लग सकता है।
विस्तार
आगरा में खारे भूजल पर निर्भर शहर की प्यास 15 साल से गंगाजल के लिए तड़प रही है। पांच साल पहले गंगाजल आगरा आ गया, लेकिन हर घर में नहीं पहुंचा। 3000 करोड़ रुपये से अधिक गंगाजल में बह गए। फिर भी 2 लाख घर पानी को तरस रहे हैं। इन गर्मियों में भी उन्हें राहत नहीं मिलेगी। क्यों कि शहर में करीब 10 लाख आबादी तक पानी पहुंचाने के लिए एक हजार करोड़ रुपये की योजनाएं प्रस्तावित हैं। इनके लिए दो से तीन साल इंतजार करना पड़ेगा।
शहरी पेयजल आपूर्ति के लिए 2007 में गंगाजल योजना बनी। तीन बार लागत बढ़ी। 2888 करोड़ रुपये खर्च हो गए। तब 2018 बुलंदशहर से सिकंदरा तक गंगाजल पहुंचा, लेकिन वितरण के लिए ढांचा नहीं बना। जल निगम ने पिछले पांच साल में करीब 190 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाईं। जिन्हें 31 मार्च 2023 तक चालू करना था, लेकिन अभी काम अधूरा पड़ा है। इधर, पानी सप्लाई की मियाद भी 31 अक्तूबर से बढ़कर अब 30 मई 2023 हो गई है। बिंदु कटरा में करीब 2.75 लाख लोगों के लिए 264 करोड़ रुपये की योजना बन रही है। इसके अलावा ट्रांस यमुना क्षेत्र में 450 करोड़ रुपये से करीब तीन लाख लोगों के लिए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट प्रस्तावित है। इसके अलावा दयालबाग, सिकंदरा, ताजगंज और पश्चिमपुरी के लिए योजना पाइप लाइन में हैं।
ये भी पढ़ें - UP: रिजवान-शानू को फंसाने के लिए साजिश, हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने कराई गौकशी और पहुंचे थाने; हुआ खुलासा
शाहगंज में सप्लाई बंद, नहीं पहुंचे टैंकर
शाहगंज पंपिंग स्टेशन पर पाइप लाइन इंटरकनेक्शन कार्य की वजह से 20 हजार से अधिक घरों की सप्लाई बृहस्पतिवार से बंद हो गई। 7 अप्रैल तक जल निगम ने क्लोजर लिया है। रुई की मंडी, शाहगंज, भोगीपुरा, ईदगाह, अर्जुन नगर में लोग पानी को तरस गए। अयोध्या कुंज निवासी राजकुमार नागरथ ने बताया कि वैकल्पिक सप्लाई के लिए पानी के टैंकर भी नहीं पहुंचे। रुई की मंडी निवासी मालती देवी ने बताया दिनभर लोग पानी को भटकते रहे हैं।
दयालबाग की महिलाओं ने घेरा नगर निगम
दयालबाग की 34 काॅलोनियों में पानी नहीं है। 2.84 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली। इसके विरोध में बृहस्पतिवार को पंजाबी बाग, तुलसी बाग की महिलाओं ने नगर निगम में विरोध प्रदर्शन करते हुए भूख हड़ताल पर बैठ गए। मुख्य अभियंता बीएल गुप्ता से नोकझोंक हुई। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में सप्लाई के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। सौरभ चौधरी ने कहा कि 48 घंटे में पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो मंडलायुक्त कार्यालय पर भूख हड़ताल करेंगे।