{"_id":"668d7e7d4aa3e770fa0d5e40","slug":"erosion-intensifies-on-barauna-embankment-two-geo-tube-studs-sunk-kasganj-news-c-175-1-sagr1031-117754-2024-07-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Agra News: बरौना तटबंध पर कटान तेज, दो जियो ट्यूब स्टड और धंसे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Agra News: बरौना तटबंध पर कटान तेज, दो जियो ट्यूब स्टड और धंसे
Tue, 09 Jul 2024 11:46 PM IST
आगरा ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Tue, 09 Jul 2024 11:46 PM IST
विज्ञापन
कासगंज। पटियाली क्षेत्र के गांव बरौना में कटान कर रही गंगा की धारा लगातार तटबंध को क्षति पहुंचा रही है। सोमवार तक एक जियो ट्यूब स्टड गंगा में धंसा था, लेकिन मंगलवार दो और जियो ट्यूब स्टड गंगा में धंस चुके हैं। इसके साथ ही अब तक कुल तीन जियो ट्यूब स्टड गंगा में धंस चुके हैं। अन्य स्टडों पर गंगा की तीव्र लहरों का प्रभाव है। यदि एक-दो दिन और गंगा का उफान और प्रवाह तेज बना रहा तो तटबंध के और हिस्से को भी क्षति हो सकती है। गांव के पूर्वी छोर पर कटान तेज होने का खतरा बनता जा रहा है। यहां उफनती गंगा की धारा आबादी क्षेत्र से करीब 50-60 किलोमीटर ही दूर है। सिंचाई विभाग क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत लगातार कर रहा है।बरौना गांव के ग्रामीण पिछले दो वर्षों से लगातार कटान की मार झेल रहे हैं। बारिश शुरू होने से पहले ही कटान को लेकर की आशंकाओं को लेकर घिरे हुए थे और ग्रामीणों की आशंकाएं पिछले तीन दिनों से चिंता में बदल गईं क्योंकि पहले उफान ने ही गंगा का रौद्र रूप दिखा दिया और तटबंधों को क्षतिग्रस्त कर दिया। रेत से भरे प्लास्टिक बैग भी गंगा की धारा में बह गए। जियो ट्यूब स्टड के आगे लगाए गए परक्यूपाइन स्टड भी गंगा की उफनती लहरों में डूब गए और काफी स्टड क्षतिग्रस्त हो गए। गंगा के उफनते तीव्र प्रवाह ने गंगा की चिंता बढ़ा दी हैं। पूर्वी छोर पर जहां रामकिशोर का घर है और पाखड़ का एक बड़ा पेड़ है। यहां धनुष का आकार गंगा के कटान से बना हुआ है और इस स्थान पर गंगा की लहरों का तीव्र प्रवाह है। सबसे संवेदनशील स्थान बरौना में बना हुआ है। यहां आबादी इलाका गंगा की लहरों से महज 50-60 मीटर की दूरी पर रह गया है। बरौना के ग्रामीण अशोक शाक्य ने बताया कि लगातार जियो ट्यूब स्टड क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और परक्यूपाइन भी गंगा की लहरों से प्रभावित हुए हैं। स्थिति डरावनी बनती जा रही है। पूरे दिन सिंचाई विभाग के कर्मी और कार्यदायी संस्था के श्रमिक गंगा के क्षतिग्रस्त जियो ट्यूब स्टड की मरम्मत कार्य में जुटे नजर आए। पिछले दो दिन से लगातार काम चल रहा है, लेकिन गंगा की तीव्र धारा लगातार तटबंध को नुकसान पहुंचा रही है।
विज्ञापन