{"_id":"65f5dc18c0cf869ab10ac016","slug":"embankment-construction-work-started-at-four-places-kasganj-news-c-175-1-sagr1031-112638-2024-03-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Agra News: चार स्थानों पर तटबंध बनाने का काम हुआ शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Agra News: चार स्थानों पर तटबंध बनाने का काम हुआ शुरू
Sat, 16 Mar 2024 11:21 PM IST
आगरा ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Sat, 16 Mar 2024 11:21 PM IST
विज्ञापन
कासगंज/ गंजडुडवारा। जिले में गंगा कटान की आपदा झेल रहे ग्रामीण इलाकों में चार स्थानों पर तटबंध बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इन प्रस्तावों के अनुरूप शीघ्र ही सिंचाई विभाग को धन आवंटित किया गया। धन मिलने के बाद सिंचाई विभाग ने कार्ययोजना को धरातल पर उतारने का काम शुरू कर दिया है। तटबंध बनने से करीब 25 गांव के लोगों तक इसका लाभ मिलेगा।जिले में बरौना गांव में पिछले दो वर्ष से कटान की मार ग्रामीण झेल रहे थे। बाढ़ आपदा के समय इस गांव में गंगा की धारा ने आबादी तक दस्तक दे दी। कई ग्रामीणों के आवास गंगा में समा गए। वहीं शहवाजपुर, मेहोला और कादरगंज क्षेत्र में बाढ़ आपदा का लोगों ने सामना किया। पुराने कच्चे तटबंध इस आपदा में कट गए। जिससे ग्रामीणों को बड़ी क्षति का सामना करना पड़ा। जिन स्थानों पर तटबंध बनाने का फैसला लिया गया है। उन इलाकों से करीब 25 गांव जुड़े हैं। तटबंध बन जाने के बाद इन गांवों के ग्रामीणों को राहत मिलेगी। तराई के इलाके में गंगाकटान की बड़ी समस्या है। बरौना गांव की आपदा को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ अगस्त माह में बरौना पहुंचे थे। उन्होंने आपदा की स्थिति का स्वयं जायजा लिया और उसी समय तटबंध बनाने की घोषणा करते हुए सिंचाई विभाग को निर्देश दिए। सीएम की घोषणा के बाद सिंचाई विभाग ने कार्य योजना पर तेजी से कार्य किया। कार्ययोजना शासन में स्वीकृत हुई और शासन के द्वारा धन अवमुक्त किया गया। अब तटबंध बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था कार्य में जुटी हुई है। बरौना पर कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि सतेंद्र कुमार ने बताया कि गंगा किनारे से 37 मीटर तक गंगा की तलहटी में कटानरोधी कार्य किए जाएंगे। जिससे गंगा की धारा का रुख परिवर्तित हो सके। कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई है। कादरगंज के प्रधान सुरेश चंद इंदाजसनपुर के प्रधान जसवीरसिंह ने कहा कि कटानरोधी कार्यों से बड़ी समस्या का हल होगा जिससे किसानों को राहत मिलेगी।
विज्ञापन