राहत: सात जून से चलेंगी लखनऊ-आगरा इंटरसिटी, अजमेर स्पेशल समेत आठ ट्रेनें
कोरोना संक्रमण में कमी आते ही रेलवे ने नियमित ट्रेनों को पटरी पर लौटाना शुरू कर दिया है। सात जून से आगरा -लखनऊ इंटरसिटी स्पेशल, आगरा फोर्ट-अजमेर सुपरफास्ट स्पेशल, आगरा झांसी इंटरसिटी व ईदगाह बांदीकुई पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।
विस्तार
रेलवे ने कोरोना की दूसरी लहर में यात्रियों की संख्या कम होने के कारण आगरा मंडल से होकर गुजरने वाली 30 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को निरस्त कर दिया था। मेल एक्सप्रेस के रूप में चलाई जा रहीं पैसेंजर ट्रेनों को भी निरस्त किया गया था। संक्रमण कम होने के बाद रेलवे इन ट्रेनों को संचालन फिर से शुरू कर रहा है।
आगरा मंडल के वाणिज्य प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि गाड़ी संख्या (02179/02180) लखनऊ आगरा इंटरसिटी सात जून से शनिवार व रविवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या (04195/04196) आगरा फोर्ट-अजमेर सुपरफास्ट भी शनिवार व रविवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी। गाड़ी संख्या (01807/01808) आगरा कैंट-झांसी पैसेंजर व गाड़ी संख्या (01911/01912) ईदगाह बांदीकुई पैसेंजर मेल एक्सप्रेस के रूप में सात जून से प्रतिदिन संचालित होंगी।
कानपुर, लखनऊ के लिए बसें ईदगाह से चलेंगी
परिवहन निगम की कानपुर, लखनऊ, इटावा रूट पर चलने वाली अधिकांश बसें आईएसबीटी से संचालित हो रही थीं, लेकिन आठ जून से यह सभी बसें ईदगाह बस स्टैंड से सवारियां लेकर आईएसबीटी पहुंचेंगी।
निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार पुंढीर ने बताया कि प्रतापपुरा, नामनेर से कानपुर, लखनऊ रूट की प्राइवेट बसों में ज्यादा संचालन होता है। शहर के मध्य में होने के कारण यात्री इन बसों से सफर कर रहे हैं। इसे देखते हुए आठ अप्रैल से आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे से होकर कानपुर, लखनऊ जाने वाली बसों का संचालन ईदगाह बस स्टैंड से शुरू किया जाएगा। ये बसें सवारियों के लिए आईएसबीटी पर भी जाएंगी।