Road Accident: एटा में हाथरस के सत्संगियों की मैजिक वैन बोलेरो से टकराई, चालक की मौत, 15 घायल
सत्संगियों से भरी मैजिक वैन अवागढ़ में एपीएस स्कूल के पास बोलेरो कार से टकरा गई। टक्कर होते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा में अवागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत जलेसर-अवागढ़ मार्ग पर नगला लोधा के बंबा के पास मंगलवार सुबह बुलेरो कार व सत्संगियों से भरी मैजिक में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। इसमें मैजिक चालक की मौत हो गई। वहीं मैजिक सवार 15 लोग घायल हो गए। सभी को पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से छह घायलों के परिजन उन्हें निजी नर्सिंग होम लेकर चले गए। जबकि दो को आगरा रेफर किया गया है।
पोस्टमार्टम हाउस पर हाथरस जनपद के चंदपा थांनातर्गत गांव चाचपुर भटेला निवासी शंकरलाल ने बताया कि अवागढ़ में पटियाली वाले भोले बाबा का सत्संग चल रहा है। गांव से परिवार सहित रिश्तेदारों ने सत्संग में आने की बात 25 वर्षीय बेटे रवि से कही। रवि सिकंदराराऊ निवासी रिश्तेदार देवा की मैजिक ले आया। पड़ोस के गांव गोलनगर से छह व भटेला से नौ लोग मैजिक से अवागढ़ आ रहे थे। जिसे रवि चला रहा था।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव नगला लोधा के बंबा के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बुलेरो कार ने टक्कर मार दी। इससे मैजिक सवार सभी लोग घायल हो गए। राहगीरों व पुलिस ने सभी को पीएचसी पर भेजा। वहां से गंभीर घायल रवि को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सीओ इरफान नासिर खान ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। घायलों को पीएचसी पर भर्ती कराया गया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
तीन जून को हुई थी रवि की शादी
पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के पिता शंकरलाल ने बताया कि उसके बेटे रवि की शादी तीन जून को आजमगढ़ में हुई थी। चार जून को ससुराल वालों ने वहां रोक लिया। पांच जून को बहू को लेकर रवि घर आया था। तीन पुत्रों में रवी दूसरे नंबर का बेटा था। गांव वालों के कहने पर वह मंगलवार को सत्संग में मैजिक लेकर आया था।
यह लोग हुए घायल
मैजिक व कार की भिड़ंत में चंदपा थाना क्षेत्र के गांव गोलनगर निवासी 40 वर्षीय विदेशीलाल, 45 वर्षीय चिरंजीलाल, 46 वर्षीय जनदेवी, 50 वर्षीय उर्मिला, 40 वर्षीय सूर्यवती, 18 वर्षीय शोभा घायल हो गईं। वहीं गांव चाचपुर भटेला निवासी 65 वर्षीय गोलादेवी, 61 वर्षीय विमला देवी, 60 वर्षीय शीलादेवी, 30 वर्षीय चित्रा, 41 वर्षीय केला देवी, 8 वर्षीय मोहिनी, 40 वर्षीय राजकुमारी, 21 वर्षीय प्रीती और 50 वर्षीय महेंद्र पाल घायल हुए हैं। शीला व चरनदेवी को गंभीर स्थिति में आगरा रेफर किया गया।