Etah News: सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले भी भू-माफिया, ऐसे सभी लोग राडार पर; जल्द शुरू होगी कार्रवाई
एटा में डीएम ने सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को भी भू-माफिया घोषित करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे सभी लोग राडार पर हैं। इनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई शुरू होगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा में मंगलवार को जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में एंटी भूमाफिया, कर करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक संबंधित विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ आयोजित की गई। डीएम ने सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं छोड़ने वालों को चिन्हित कर एफआईआर दर्ज कराएं, साथ ही भूमाफिया भी घोषित करें।
डीएम ने कहा कि अनावश्यक समय तक केसों को लंबित न रखा जाए। मत्स्य पालन, कुम्हारीकला के पट्टों के आवंटन की कार्यवाही अतिशीघ्र तीनों तहसीलों में की जाए। रियल टाइम खतौनी के तहत तहसीलवार आवंटन की कार्रवाई अतिशीघ्र पूर्ण की जाए। ई-डिस्ट्रक्टि पोर्टल पर लंबित आवेदन पत्रों का समय से निस्तारण करें। जिस लेखपाल पर 10 से अधिक प्रकरण लंबित है, उन पर कार्यवाही के लिए एसडीएम को निर्देश दिए।
तहसील स्तर पर की जाए नियमित समीक्षा
डीएम ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर का आयोजन 22 मई से 10 जून तक किया जाएगा। सभी लेखपाल रोस्टर के अनुसार अपने आवंटित ग्राम में बैठकर पीएम किसान के कार्य को पूर्ण करें। इसकी तहसील स्तर से नियमित समीक्षा की जाए।
विभागों की समीक्षा कर दिशा निर्देश दिए
डीएम ने कर करेतर की वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष पूर्ति के संबंध में वाणिज्य कर, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, ऊर्जा विभाग, नगर विकास, वन विभाग, खनन, कृषि विपणन, मण्डी समिति, बांट माप, सिंचाई विभाग की समीक्षा कर दिशा निर्देश दिए।