UP: लड़की देखने आए सिपाही ने दी जान, घरवालों की अधूरी रह गई इच्छा... सेहरा की जगह कफन में लिपटा मिला बेटा
रवि छुट्टी लेकर आया था। घर आने के बाद उसे बताया भी गया कि उसके लिए लड़की देखने जाना है। यह सुनकर उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मथुरा के नौहझील के गांव तिलका गढ़ी में बुधवार की रात कमरे में फंदे पर सिपाही का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। परिजन को जानकारी हुई तो वह उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को परिजन के साथ शादी के लिए लड़की देखने के लिए जाना था।
थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के तिलका गढ़ी निवासी 25 वर्षीय रवि कुमार 2021 में पुलिस में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती अमरोहा के सैदनगली थाने में थी। बुधवार को वह छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। शाम को घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में खाना खाया और वहीं सोने के लिए परिजन को बोल दिया। रात को जब परिजन ने आवाज दी तो कमरे से कोई उत्तर नहीं नहीं मिला। इस पर परिजन कमरे में गए। कमरे में रवि फंदे पर लटके हुए थे। यह देख परिजन के पैरों तले जमीन खिसक गई।
इसके बाद आनन-फानन परिजन ने उन्हें फंदे से नीचे उतारा और बाजना के निजी हास्पीटल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उन्हें किसी अन्य अस्पताल ले जाने के लिए बोला। परिजन उन्हें लेकर जेवर के निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया। बृहस्पतिवार को गमगीन माहौल में सिपाही के शव का अंतिम संस्कार हुआ। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। परिजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
बृहस्पतिवार को शादी के लिए लड़की देखने जाना था
सिपाही रवि के ताऊ महेंद्र ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को उसकी शादी के लिए लड़की देखने को जाने वाले थे। इसलिए रवि को छुट्टी लेकर बुलाया था। घर आने के बाद उसे बताया भी गया कि उसके लिए लड़की देखने जाना है। यह सुनकर उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सब कुछ ठीक-ठाक था। पता नहीं किस कारण से उसने फंदा लगाकर अपनी जान दी।
बड़े भाई के बाद रवि के सिर पर परिजन देखना चाहते थे सेहरा
सिपाही रवि के बड़ा भाई अमित कुमार भी यूपी पुलिस में तैनात है। उसकी नौकरी लगने के बाद एक साल पहले उसका विवाह हो गया। इसके बाद रवि की भी पुलिस में नौकरी लग गई। बड़े भाई की शादी के बाद अब परिजन छोटे के सिर पर सेहरा देखना चाहते थे। इसलिए उसकी शादी की योजना बना रहे थे और लड़की देखने के लिए उसे बुलाया था।
भाड़ा मांगने पर एंबुलेंस चालक की लगाई पिटाई
मृत सिपाही के परिजन पर आरोप है कि बाजना से जेवर अस्पताल ले जाने वाले एंबुलेंस चालक पुष्पेंद्र ने जब भाड़ा मांगा तो उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित एंबुलेंस चालक ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह मरीज को लेकर बाजना से जेवर गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वापस गांव लौटने के बाद जब उसने भाड़ा मांगा तो परिजन आग बबूला हो गए और गाली गलौज करते हुए उसकी पिटाई लगा दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.