डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय: तीन परीक्षा केंद्र होंगे डिबार, नकल करते पकड़े गए थे छात्र
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति ने कहा कि महज इन कॉलेजों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि जहां भी अनियमितता मिलेगी, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा के दौरान बुधवार को जिन तीन परीक्षा केंद्रों पर नकल पकड़ी गई थी, उन्हें डिबार किया जाएगा। एक दिन की परीक्षा के बाद तीनों ही केंद्र बदल दिए जाएंगे। इनकी जगह आसपास के कॉलेजों में परीक्षार्थियों को स्थानांतरित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने ऑनलाइन वार्ता में बताया कि परीक्षार्थियों को समस्या न हो, इसलिए तत्काल रूप से केंद्र बदला नहीं गया है। आगामी परीक्षा के दिन इन केंद्रों पर उड़नदस्तों को तीनों पाली की परीक्षा के दौरान तैनात किया जाएगा। नोटिस चस्पा कर और उड़नदस्ता सदस्यों के माध्यम से परीक्षार्थियों को केंद्र के बदलाव की जानकारी दी जाएगी। जिससे किसी परीक्षार्थी की परीक्षा जानकारी के अभाव में न छूटे।
इन कॉलेज में हुई थी नकल
बुधवार को कृष्णा कॉलेज, बमरौली कटारा आगरा, बोहरे नारायण सिंह आर्य महाविद्यालय, गढ़ी खांडा बल्देव और ममता डिग्री कॉलेज जलेसर रोड, सादाबाद, एटा में उड़नदस्तों ने नकल की पकड़ी थी। अन्य अव्यवस्थाएं भी थीं। बोहरे नारायण सिंह आर्य महाविद्यालय में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था ठीक नहीं थी।
प्रो. आलोक कुमार राय का कहना है कि महज इन कॉलेजों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि जहां भी अनियमितता मिल रही, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। उड़नदस्तों की रिपोर्ट को यूएफएम कमेटी और परीक्षा समिति में रखकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने परीक्षा नकल विहीन और पारदर्शी तरीके से कराए जाने के लिए उड़नदस्ते के प्रयास, खासतौर पर गाड़ी में फेंक गए रुपये को परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में जमा कराने की सराहना की। वार्ता में परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव, कुलसचिव संजीव कुमार सिंह, उड़नदस्ता प्रभारी प्रो. मनोज श्रीवास्तव, कंट्रोल रूम प्रभारी प्रो. वीके सारस्वत, पीआरओ प्रो. प्रदीप श्रीधर मौजूद रहे।
गाड़ी में रुपये डालने वालों कॉलेजों के खिलाफ मुकदमा कराया जाएगा
बोहरे नारायण सिंह आर्य महाविद्यालय और ममता डिग्री कॉलेज में उड़नदस्ते की गाड़ी में रुपये डाले गए थे। प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि इस मामले में संबंधित कॉलेज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए उड़नदस्ता प्रभारी से कहा गया है।