Agra: बारिश से फसलें हुईं बर्बाद, अब तक नहीं मिला बीमा का लाभ, किसानों ने उठाया मुद्दा
कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसानों ने फसल बीमा समेत कई समस्याओं को उठाया। वहीं किसान दिवस में डीएम और सीडीओ के न पहुंचने पर नाराजगी भी जताई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के बिचपुरी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसानों ने फसल बीमा, बीज, दवाइयां नहर की सफाई आदि समस्याओं की शिकायत की। अधिकारियों ने किसानों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने डीएम और सीडीओ के नहीं आने पर नाराजगी व्यक्त की है। मोहन सिंह चाहर ने कहा कि सरकार की गाइड लाइन के अनुसार किसान दिवस में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य है।
किसानों को नहीं मिला फसल बीमा
किसान दिवस में मुकेश डागुर ने फसल बीमा का मुद्दा उठाया। डागुर ने कहा कि बारिश से किसानों की बाजरा और धान समेत सभी फसलें बर्बाद हो गई हैं। जिससे किसानों को लाखों रुपये की हानि हुई है। अब किसान की दूसरी फसल की बुवाई समय आ गया है। लेकिन अभी तक किसानों को बारिश से खराब हुई फसलों का बीमा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि नहर व नालों की सफाई न होने के कारण किसानों की फसलें खराब हुई हैं।
दुकानों से खरीद रहे दवाएं
फतेहाबाद के गांव प्रतापपुरा निवासी अरविंद शर्मा ने मंडी समिति से संबंधित शिकायत की। कहा कि मंडी समिति पर 51 किलो अनाज के बदले 50 किलो के ही रुपये मिलते हैं। ब्लॉक बरौली अहीर के गांव अकबरपुर निवासी बंगाली बाबू अरैला ने शिकायत करते हुए बताया कि कृषि इकाइयों पर दवाई नहीं मिल रही हैं। किसान निजी दुकानों से दवाई खरीद रहे हैं। बाजार में नकली बीज और नकली दवाई मिल रही है।
कोल्ड स्टोरेज से आलू नहीं निकलने की शिकायत
खंदौली के गांव आबिदगढ़ निवासी ओमप्रकाश शर्मा व बरहन निवासी अजय त्यागी ने कोल्ड स्टोरेज से आलू नहीं निकलने की शिकायत दर्ज कराई। एत्मादपुर के गांव शेखपुरा के किसान लाखन त्यागी ने बिजली विभाग से संबंधित शिकायत की। वहीं किसान संघ के प्रदेश मंत्री मोहन सिंह चाहर ने किसान दिवस में डीएम और सीडीओ के नहीं आने पर नाराजगी व्यक्त की।चाहर ने कहा कि डीएम और सीडीओ के किसान दिवस में नहीं आने से किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि बाजरा पर 2350 रुपये एमएसपी घोषित की गई है। जनपद में बाजरा के दस क्रय केंद्र खोले गए हैं। वहीं धान के फतेहपुर सीकरी और अछनेरा में क्रय केंद्र खोले गए हैं।