यूपी: हाईवे पर फिल्मी अंदाज में हत्या, चलती कार के चालक को मारी गोली, बदमाशों के पीछे थी पुलिस, फिर भी फरार
- वारदात उस वक्त हुई, जब पुलिस बाइक सवार बदमाशों का पीछा कर रही थी। कार चालक को गोली मारने के बाद बदमाशों ने पुलिस पर भी फायरिंग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर शुक्रवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में हत्या की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कार चला रहे हरियाणा के कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। हैरत की बात यह है कि वारदात के वक्त बाइक सवार बदमाशों का पीछा पुलिस कर रही थी। बदमाशों ने पुलिस पर भी फायरिंग की। इसके बाद फरार हो गए। उधर, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
छाता सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जगदीश कालीरमन ने बताया कि शुक्रवार की रात तकरीबन एक बजे वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में हाईवे पर ड्यूटी दे रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक तेजी से निकले, उन्हें चेकिंग के लिए रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके। केडी मेडिकल कॉलेज के नजदीक जा रही कार के चालक को बाइक सवारों ने गोली मारी। साथ ही पुलिस टीम पर भी फायरिंग की।
वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार आगरा की ओर भाग निकले। कार सवार को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नाजिम पुत्र हुकुमुद्दीन निवासी जमालगढ़, पुन्हाना (हरियाणा) के रूप में हुई है। नाजिम पनीर कारोबारी था। वह पनीर लेकर आगरा की ओर जा रहे थे।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया हत्या का आरोप
पुलिस ने रात को ही नाजिम के परिजनों को घटना की सूचना दे दी। इस मामले में सीओ छाता ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, इस घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन शनिवार की सुबह थाना कोसीकलां पहुंच गए और हंगामा किया। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर ही नाजिम की हत्या का आरोप लगाया है।
पनीर लेकर जमालगढ़ से आगरा जा रहा था कारोबारी
हरियाणा के जिला पुन्हाना के गांव जमालगढ़ निवासी नाजिम पुत्र हुकुमुद्दीन के परिवार में पनीर और घी बनाने का काम होता है। विभिन्न स्थानों पर इसकी सप्लाई की जाती है। नाजिम के भाई खादिम ने बताया कि उनके परिवार में पनीर-घी का कारोबार काफी पुराना है। शुक्रवार को सूमो गाड़ी में सवार नाजिम पनीर लेकर आगरा जा रहा था।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।