शिक्षक भर्ती की मेरिट में रहा जिला टॉपर, जांच में फर्जी निकली डिग्री, पुलिस ने भेजा जेल
फिरोजाबाद जिले में फर्जी शिक्षकों की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। 12460 प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में जिले की मेरिट में जिसने पहला स्थान पाया, जांच में उसकी डिग्री फर्जी निकली। खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को जेल भेजा है।
शिकोहाबाद निवासी आशीष पुत्र राज बहादुर ने उत्तर प्रदेश में 12460 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में फिरोजाबाद जिले की मेरिट में पहला स्थान पाया था। इसके बाद 3 मई 2018 को एका क्षेत्र के परिषदीय स्कूल में शिक्षक के रूप में उसे नियुक्ति मिल गई।
शासन के निर्देश पर भर्ती हुए शिक्षकों की जांच की जा रही है। फिरोजाबाद में भी शिक्षकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जब आशीष के दस्तावेजों की सत्यापन किया गया तो इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इससे अफसर भी हैरान रह गए।
सीडीओ नेहा जैन, बीएसए और एसपी आरए की संयुक्त टीम ने आशीष के दस्तावेजों का सत्यापन किया। इस दौरान बीपीई (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन) की डिग्री फर्जी पाई गई, जो कृष्णा अकेडमी बिचपुरी आगरा के नाम से थी।
जांच टीम ने उक्त अकेडमी से डिग्री का सत्यापन कराया गया। वहीं भी डिग्री फर्जी मिली। इसके बाद फर्जी अभिलेख लगाने वाले शिक्षक आशीष को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेज दिया। जिले में इस तरह के और भी शिक्षकों की जांच चल रही है।