बेटी की हत्या का मुकदमा दर्ज कराने वाला पिता ही निकला हत्यारा, फेसबुक पर फोटो देख उठाया कदम
थाना पटियाली क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी लापता हो गई थी। 19 मई शाम को किशोरी का शव भूसे की बुर्जी के समीप पड़ा मिला। हत्या का आरोप किशोरी के प्रेमी पर लगाया गया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मामला तो दर्ज कर लिया था, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया। पुलिस को किशोरी के परिजनों पर शक था। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजन और रिश्तेदारों से पूछताछ की।
आरोपी पिता ने कबूला जुर्म
जांच में मामले का खुलासा हो गया। किशोरी की हत्या में उसके पिता का ही हाथ निकला। पुलिस ने आरोपी पिता को दरियावगंज स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में अपना जुर्म भी कबूल लिया।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की। जांच पड़ताल में पिता ही हत्यारा निकला। उसने दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को भूसे की बुर्जी के पास फेंक दिया था।
बेटी की हत्या करने वाले पिता का कहना है कि, पड़ोसी युवक ने उसकी बेटी का फोटो अपने साथ खींचकर फेसबुक पर डाल दिया था। गांव में इस बात की चर्चा होने लगी। जिससे उसकी हत्या कर उसके प्रेमी को फंसाना चाह रहा था।