युवक की मौत का खौफनाक दृश्य: तेज रफ्तार कार ने रौंदा साइकिल सवार, हवा में उछला और चली गई जान
घटना मारुति एस्टेट चौराहे के पास की है। यहां तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार एक व्यक्ति रौंद दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में मारुति एस्टेट-अवधपुरी मार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार स्कूल कर्मचारी जयकांत (26) को टक्कर मार दी, जिससे कर्मचारी हवा में उछल गया। इसके बाद 10 फीट दूर जा गिरा। साइकिल भी तकरीबन 25 फुट दूर गिरी। हादसे में कर्मचारी की मौत हो गई। कार लेकर चालक फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
उछलकर 10 फीट दूर गिरा युवक
बोदला रोड स्थित बीधा नगर निवासी जयकांत मारुति एस्टेट स्थित सिंपकिंस स्कूल में क्लर्क थे। क्षेत्रीय पार्षद मिथलेश मौर्या के बेटे गोगा मौर्या ने बताया कि सुबह सात बजे घटना हुई। जयकांत साइकिल से स्कूल जा रहे थे। अवधपुरी की तरफ से तेज गति से कार आ रही थी। जयकांत ने जैसे ही सड़क पार की, वैसे ही कार की टक्कर लग गई और वह उछल गए। इसके बाद 10 फीट दूर गिरे। वहीं साइकिल भी टक्कर से तकरीबन 25 फुट दूर गिरी। हादसे में जयकांत की मौत हो गई। घटना के बाद भी चालक ने कार को नहीं रोका। वह कार भगाकर ले गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फुटेज से पहचान के प्रयास
घटनास्थल के पास दो जगह कैमरे लगे हैं। इनमें नजर आ रहा है कि कार की टक्कर लगती है, जिसमें जयकांत दूर गिर जाते हैं। घटनास्थल पर एक व्यक्ति बच्चों के साथ बैैठा हुआ है। वह घटना के बाद दौड़ पड़ता है। घटना देखकर लोगों के रौंगटे खड़े हो जाते हैं। थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार का नंबर साफ नहीं है। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
मारुति एस्टेट मार्ग पर यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कार की टक्कर से एक व्यापारी की मौत हो गई थी। वह पैदल जा रहे थे, तभी कार ने टक्कर मारी थी। हाल ही में मारुति एस्टेट चौराहे पर तेज रफ्तार कार की स्कूटी में टक्कर से महिला घायल हो गई थी।