आगरा में कोरोना: दो मरीजों की मौत, 160 पर पहुंचा मृतकों का आंकड़ा, 67 नए संक्रमित मिले
आगरा में कोरोना वायरस का प्रकोप फिर तेजी से बढ़ने लगा है। गुरुवार को दो संक्रमित मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ मृतकों का आंकड़ा 160 पर पहुंच गया है। 24 घंटे में 67 नए मरीज और मिले है। इससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8399 हो गई है।
मृतकों में बाह क्षेत्र के बरपुरा निवासी 25 वर्षीय युवक और बेलनगंज निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग मरीज थे। जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बरपुरा निवासी 25 वर्षीय युवक में उपचार के दौरान संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
गुरुवार की युवक ने दम तोड़ दिया। बेलनगंज निवासी अस्थमा के मरीज की भी मृत्यु हुई है। 24 घंटे में दो मरीजों की मौत हुई है। 44 मरीज नए डिस्चार्ज हुए हैं। संक्रमित होने के बाद कुल 7722 मरीज ठीक हो चुके हैं। 3.15 लाख लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
बुजुर्ग डॉक्टर दंपती और पुलिसकर्मी भी कोरोना संक्रमित
सरन आश्रम नगर निवासी बुजुर्ग डॉक्टर दंपती में गुरुवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस लाइन में रह रहे पुलिसकर्मी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
मधुवन एन्क्लेव निवासी दंपती, कमांडर कॉलोनी मधु नगर निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्य और शिव नगर कॉलोनी निवासी एक ही परिवार के दो सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सांस लेने में परेशानी होने पर भर्ती कराए गए 22 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है।
कोरोना संक्रमित डॉक्टर की गुरुग्राम में मौत
सदर क्षेत्र के रहने वाले कोरोना संक्रमित डॉक्टर की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। डॉक्टर का इलाज गुरुग्राम के अस्पताल में चल रहा था। आइएमए, आगरा के अध्यक्ष डॉ. रवि मोहन पचौरी ने बताया कि डॉक्टर का इलाज के दौरान निधन हो गया है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।