मैनपुरी में कोरोना की दूसरी लहर: बीते साल का टूटा रिकॉर्ड, एक दिन में सर्वाधिक 150 नए मरीज
वर्ष 2020 के सितंबर माह में एक ही दिन में सर्वाधिक 114 कोरोना संक्रमित मिले थे। शुक्रवार को यह रिकॉर्ड टूट गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण का पिछले एक साल का रिकॉर्ड टूट गया। जिला विद्यालय निरीक्षक समेत जिले में 150 लोग संक्रमित मिले। इसके साथ कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4337 हो गई है। इनमें 3801 लोग ठीक हो गए हैं। 80 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में अब सक्रिय मामलों की संख्या 456 है।
कोरोना की दूसरी ने जिले में कहर बरपाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को सभी रिकार्ड टूट गए। एक ही दिन में 150 कोरोना संक्रमित मिले। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, एसडीएम किशनी रामशकल मौर्य की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
सबसे अधिक 75 कोरोना संक्रमित मैनपुरी विकास खंड और शहर में मिले। किशनी में 21, सुल्तानगंज में 20, कुरावली में 12, घिरोर में 11, बेवर में छह, करहल में तीन और जागीर विकास खंड में दो मरीज मिले है। 150 में से 140 को होम आइसोलेट किया गया है, जबकि 10 को आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया है।
पिछले साल मिले थे सर्वाधिक 114 संक्रमित
वर्ष 2020 के सितंबर माह में एक ही दिन में सर्वाधिक 114 कोरोना संक्रमित मिले थे। शुक्रवार को यह रिकॉर्ड टूट गया। कोरोना संक्रमितों के इस आंकड़े ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है।
घरों में रहें सुरक्षित रहें
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने कहा कि कोरोना संक्रमण जिले में तेजी के साथ बढ़ रहा है। ऐसे में बिना कार्य के घरों से न निकलें। घरों से बाहर निकलें तो मास्क लगाकर ही निकलें। कोविड-19 की गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करें। उचित होगा कि घर में सुरक्षित रहें।
टीकाकरण कराकर जीवन सुरक्षित बनाएं
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने जिले के 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों से अपील की है कि वे किसी भी नजदीकी अस्पताल में पहुंचकर कोरोना महामारी से जीवन को सुरक्षित बनाने के लिए टीकाकरण कराएं। टीकाकरण कराने के बाद यदि कोरोना होता भी है तो उससे जान को कोई खतरा नहीं होगा।