आगरा में कोरोना: एसएन में कोरोना के सिर्फ 10 मरीज ही भर्ती, 97 फीसदी से ज्यादा हुए ठीक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में बुधवार को कोरोना वायरस के 10 नए मरीज मिले। इससे कुल संक्रमितों का आंकड़ा 10402 पर पहुंच गया है। इनमें 10111 संक्रमित ठीक हो गए हैं। 171 मरीजों की मौत हो गई है। अभी 120 मरीजों का उपचार चल रहा है। राहत की बात यह है कि स्वस्थ होने की दर 97.20 फीसदी पर पहुंच गई है। संक्रमण की दर में कमी का राहत भरा असर कोविड अस्पताल में भी दिख रहा है।
कोविड अस्पताल में अब केवल 10 संक्रमित मरीज भर्ती है। एसएन मेडिकल कॉलेज का आइसोलेशन वार्ड भी खाली होता जा रहा है। जिले में कोरोना वायरस के मार्च के बाद नौ महीने में सबसे कम मरीज हैं। सितंबर में यह संख्या सबसे अधिक थी। 25 सितंबर को वार्ड फुल हो गए थे, 160 मरीज भर्ती थे।
एसएन मेडिकल कॉलेज में सात मार्च को पहला मरीज भर्ती हुआ था। अब तक एसएन में 1,764 मरीजों का इलाज हो चुका है। आगरा के अलावा मथुरा, फिरोजाबाद, एटा, अलीगढ़ समेत आसपास के जिलों के मरीजों का इलाज भी हुआ। इनमें से 198 मरीजों की मौत हो गई। अब यहां कोरोना वायरस के 10 मरीज ही भर्ती हैं। इनमें से सात की हालत गंभीर है, इनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। तीन मरीज आइसोलेशन वार्ड में हैं।
70 फीसदी मिले अन्य बीमारियों से भी पीड़ित
कोरोना वायरस से संक्रमित हुए 70 फीसदी अन्य बीमारी से भी पीड़ित मिले। 30 प्रतिशत में मधुमेह, उच्च रक्तचाप की समस्या मिली। हृदय, किडनी, लिवर, टीबी, सांस रोग, अस्थमा की भी परेशानी मिली।
6227 मरीज हुए होम आइसोलेशन में स्वस्थ
कोरोना वायरस से संक्रमित होने पर 6297 मरीज होम आइसोलेशन में रहे। इसमें से 6,227 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। 77 मरीज अभी भी होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं।
इस माह वार्ड खाली होने की उम्मीद
संक्रमित मरीजों का इलाज करने वाले डॉ. अजीत चाहर ने बताया कि संक्रमण की दर कम हो रही है, वैक्सीन भी आ गई है। ऐसे में उम्मीद है कि इस महीने आइसोलेशन वार्ड खाली हो जाएगा। गंभीर हालत में आईसीयू में जरूर मरीज हो सकते हैं।
60 फीसदी 60 साल से अधिक
कोविड मरीजों के डाटा इंचार्ज डॉ. आशीष गौतम ने बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित होकर भर्ती होने वालों में सबसे ज्यादा करीब 60 फीसदी की उम्र 60 साल से अधिक की रही। इनमें से 30 फीसदी को मधुमेह, उच्च रक्तचाप की परेशानी थी।